JharkhandSahibganj

‘संथाल परगना को बचाना है तो बिचौलियों को भगाना होगा,’ साहेबगंज की जन चौपाल में बोले मुख्यमंत्री

Sahibganj : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हटिया मैदान पतना में आयोजित जन चौपाल में लोगों को सम्बोधित करते हुये कहा, “संथाल परगना को बचाना है तो बिचौलियों को भगाना होगा. बिचैलिया विकास की राह में दीमक की तरह है.  कोई भी आपसे सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अगर किसी प्रकार की राशि की मांग करता है तो उसकी जानकारी दें. संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई कर जेल भेजा जायेगा. भ्रष्टाचार मुक्त झारखंड बनाने में अपना सहयोग दें.”

उन्होंने कहा कि सिदो-कान्हू चांद-भैरव और फूलों-झानो की पुण्य धरा पर आज आप से सीधे सीधे मिलने का उद्देश्य है आपकी चेतना को और आपमें छिपी हुई शक्ति को जगाना. आप जग गये तो सरकार की सभी योजनाएं सही ढंग से क्रियान्वित होंगी. जनशक्ति और सरकार की शक्ति मिलकर कार्य करेगी तो संथाल परगना में बदलाव स्वतः परिलक्षित होगा. इस जन चौपाल को हम बदलाव का माध्यम बनाएंगे.

इसे भी पढ़ें : प्रशासन के सहयोग से सफल रहा सिटी बसों का परिचालन, वन-वे का भी पालन करते दिखे लोग

कृषि योजनाओं के बारे में किया जा रहा दुष्प्रचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का मूल उद्देश्य किसानों को कृषि कार्य में संसाधन उपलब्ध कराना है. इसके तहत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है.

लेकिन इस योजना को लेकर भी खासकर आदिवासी क्षेत्र में यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि उक्त पैसा किसानों की जमीन के एवज में दिया जा रहा है. बाद में उक्त जमीन पर सरकार कब्जा कर लेगी. लेकिन ऐसा नहीं है.

सरकार किसानों का कल्याण चाहती है और दुष्प्रचार करने वाले ,किसानों को कृषि कार्य में पीछे रखना चाहते हैं.  प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से मिलने वाला 6 हजार रुपये व मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद से प्रति एकड़ मिलने वाला 5 हजार रुपये किसानों को कृषि कार्य में मदद पहुंचाने हेतु प्रदान किया जा रहा है.

सरकार को आपकी जमीन लेना नहीं चाहती है, साथ ही वर्तमान सरकार के रहते आप की जमीन को कोई नहीं छीन सकता.

हुनर के लिए 700 करोड़ रुपये खर्च

मुख्यमंत्री ने जन चौपाल के दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि डिग्री के साथ साथ अब हुनर की भी जरूरत है. बदलते समय के साथ पूरी दुनिया में इसकी मांग बढ़ी है. यही वजह है कि वर्तमान सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए 700 करोड़ रुपए खर्च कर रही है.

संथाल परगना में और भी कौशल विकास केंद्र प्रारंभ किया जायेगा ताकि यहां के युवा भी जो डिग्रीधारी नहीं हैं उन्हें भी हुनरमंद बनाकर नौकरी, रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ा जा सके.

इसे भी पढ़ें : देहाती आदमी हूं, मेरी कहावत को गलत संदर्भ में पेश कर रही भाजपा : रामेश्वर उरांव

आवास मिलेगा, थोड़ा धैर्य रखें

शांति देवी ने मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभ दिलाने की बात कही. इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 तक पूरे देश में कोई बेघर ना रहे यह लक्ष्य निर्धारित कर कार्य किया जा रहा है. झारखंड में भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लाभुकों को लगातार मिल रहा है.

घर के साथ एलपीजी, बिजली, और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के प्रति केंद्र व राज्य सरकार गंभीर है. यह सब गरीब, आदिम जनजाति के जीवन में बदलाव लाने के लिए किया जा रहा है. आप सभी को भी आवास अवश्य मिलेगा, इसमें थोड़ा धैर्य की भी जरूरत है.

रेडी टू ईट और यूनिफॉर्म सिलने का काम सखी मंडल को

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पूर्व करीब 43 हजार ही सखी मंडल का गठन हो पाया था. विगत 5 वर्षों में वर्तमान सरकार ने दो लाख से अधिक सखी मंडल का गठन कर लिया है. सखी मंडल के माध्यम से महिलाएं रोजगार व स्वरोजगार अपनाकर अपना आर्थिक स्वालंबन सुनिश्चित कर रही हैं. सरकार ने इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब सरकारी स्कूलों के यूनिफार्म को सिलने की जिम्मेवारी भी सखी मंडल की बहनों को दिया है.

पोषण माह में ही सरकार निर्णय लेने जा रही है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में मिलने वाले Ready-to-Eat योजना को सखी मंडल की बहनें संचालित करेंगी. हर प्रखंड में Ready-to-Eat प्लांट स्थापित करने की योजना पर कार्य हो रहा है. ताकि झारखण्ड के नौनिहालों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा सके.

सीएम ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि कुपोषण राज्य की बड़ी समस्या है. इसे हमें किसी भी हाल में दूर करना है. अगर ready-to-eat का संचालन सखी मंडल की बहनें करेंगी तो 500 करोड़ रुपये की योजना का लाभ राज्य की महिलाओं को ही मिलेगा.

सरकारी कार्यालयों में ओलचिकी में लिखे गये नाम

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आज़ादी के बाद पहली बार संथाल परगना क्षेत्र के सभी छह जिला दुमका, देवघर, पाकुड़, गोड्डा, जामताड़ा एवं साहिबगंज तथा कोल्हान क्षेत्र के पूर्वी सिंहभूम जिला में संथाल जनजाति समुदाय की बड़ी जनसंख्या को देखते हुए इन जिलों में स्थित सभी सरकारी कार्यालयों/ विद्यालयों के नाम संथाली भाषा की लिपि ओलचिकी में भी लिखे गये हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे न केवल संथाली भाषा-भाषी जनता को सुगमता से सूचना समझ में आयेगी बल्कि अपनी भाषा के प्रति गौरव का भी बोध होगा.

कौन-कौन रहे मौजूद

इस अवसर पर विधायक अनंत ओझा, पुलिस उपमहानिरीक्षक संथाल परगना राजकुमार लकड़ा, उपायुक्त साहेबगंज  राजीव रंजन, पुलिस अधीक्षक साहिबगंज एचपी जनार्दनन व बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें : बीजेपी ही नहीं विपक्षी विधायक भी मान रहे कि विधानसभा चुनाव की तैयारी में सुस्त है पार्टी

Related Articles

Back to top button