
Ranchi: पुलिस की कार्यशैली से परेशान एक परिवार ने अपना विरोध जताने का एक अनोखा तरीका अपनाया है. परिवार ने अपने लापता परिजन के पोस्टर ही एसपी कार्यालय के बाहर चिपका दिये हैं.
दरअसल, परिजनों ने लापता व्यक्ति को खोजने के लिए पुलिस से गुहार लगायी, लेकिन पुलिस ने मामला भी दर्ज नहीं किया. थक-हार कर परिजनों ने रांची के सिटी एसपी के कार्यालय के बाहर लापता व्यक्ति का पोस्टर चिपका दिया. यह सोचकर कि आते-जाते साहब की नजर पड़ जाये तो लापता व्यक्ति को खोजने में वे मदद करें.
इसे भी पढ़ें :RANCHI: कोरोना संक्रमण को लेकर लोगों में सतर्कता बढ़ी, करा रहे हैं कोरोना टेस्ट
मामला धुर्वा थाने से जुड़ा है. 23 मार्च से सिठियो बस्ती के रहने वाले अख्तर हुसैन लापता हैं. जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वे अपने घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. नहीं पता चलने पर परिजन धुर्वा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे.

लेकिन परिजनों का कहना है धुर्वा थाना जाने पर पुलिस पदाधिकारियों का व्यवहार सही नहीं रहा और गुमशुदगी का मामला भी दर्ज नहीं किया गया.
पीड़ित परिजनों ने पुलिस पर मामले में अनदेखी का आरोप लगाया है. लापता अख्तर के बारे में पता लगाने के लिए परिजनों ने गुमशुदगी की तलाश के नाम से एक पोस्टर भी बनाया है, जिसे कई जगहों पर चिपकाया गया.
कोई अता-पता नहीं चलने और पुलिस से मदद नहीं मिलने पर सिटी एसपी कार्यालय पहुंचे और पोस्टर चिपका दिया. परिजनों का कहना है इस पोस्टर को इस उम्मीद से चिपकाया है कि अधिकारी पोस्टर देख पाएं, एहसास हो कि इस गुमशुदा व्यक्ति को ढूंढना है.
इसे भी पढ़ें :Ranchi: डेढ़ घंटे इंतजार करतीं रहीं मेयर आशा लकड़ा, बैठक में नहीं पहुंचे एक भी अधिकारी




