
Garhwa: गढ़वा की मैरून कलर की बोलेरो (जेएच 06 सी 9253) जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो के परसाखांड़ टोला से जंगल में लूट ली गयी. घटना शुक्रवार की शाम में हुई. इस सिलसिले में गढ़वा के तीलदाग निवासी शौकत हुसैन ने शनिवार को चैनपुर थाना में तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. चैनपुर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि छानबीन तेज है.
शौकत हुसैन ने बताया है कि शुक्रवार को गढ़वा के चिनियां मोड़ से चैनपुर के चांदो के लिए तीन युवक 1800 में गाड़ी बुक किये. रास्ते में उन्होंने एक हजार रुपये का डीजल भरवाया. चांदो गांव के परसाखांड़ टोला जंगल में पहुंचकर भाड़ा के रूप में एक हजार रूपये देते हुए दो सौ रूपये वापस मांगा. इसी क्रम में तीनों सवारियों ने ड्राइवर के साथ मारपीट करते हुए पर्स मे रखे 15 हजार रूपये नगद एवं मोबाइल लूट लिया और चालक को गाड़ी से उतार कर भाग गया. साथ ही वाहन लेकर फरार हो गए.
सूचना मिलने पर वाहन मालिक मौके पर पहुंचा और घटना की जानकारी लेकर ग्रामीणों के सहयोग से चैनपुर थाना पुलिस को दी. चैनपुर थाना प्रभारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए छानबीन शुरू कर दी. थाना प्रभारी ने आशंका व्यक्त की है कि स्थानीय पुल के रास्ते आरोपी भागे हैं. उन्हें खोजने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है.




