
Ahmedabad: गुजरात के अरवल्ली जिले मेघरज बीटी छापरा गांव पति-पत्नी के विवाद में लोमहर्षक मामला सामने आया है. किसी बात से नाराज पति ने पत्नी को मारने के लिए जिस तरह का कदम उठाया, उसकी हर ओर निंदा हो रही है. पति जिलेटिन कैप (डेटोनेटर बम) लगाकर ससुराल पहुंचा और पत्नी को गले लगाया. इसी के साथ विस्फोट हो गया. दोनों के चिथड़े उड़ गए. पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि पति की अस्पताल में मौत हो गई.
रूस-यूक्रेन युद्धः जानें-किस मसले पर रूस ने भारत को सराहा और अमेरिका ने कहा ओके
परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों के बीच पिछले दो-तीन सालों से लगातार झगड़े हो रहे थे. लेकिन झगड़े की वजह किसी को पता नहीं है. यहां तक कि बीस वर्षीय बेटे को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. हालांकि, हत्या के खतरनाक अंदाज से पुलिस व लोग इसके पीछे अवैध संबंध होने का अनुमान लगा रहे हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीटी छापरा गांव की शारदाबेन की शादी मुलोज के डेरा डूंगरी गांव निवासी लालाभाई के साथ करीब 21 साल पहले हुई थी. उनका 20 साल का एक बेटा भी है. कुछ दिनों पहले शारदाबेन मायके आई थीं. गुरुवार रात लालाभाई गांव पहुंचा तो परिवार के लोगों को लगा कि वह पत्नी को लेने आया है, लेकिन वह शरीर पर डेटोनेटर लगाकर पहुंचा था. वह अपने कमरे में गया और पत्नी को गले लगा लिया, तभी धमाका हो गया. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.




