
Ranchi: सरकार की ओर से किये गये वायदों के पूरे नहीं होने से झारखंड होमगार्ड के जवान आक्रोशित हैं. अपनी मांगों के समर्थन में जवान आज झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगे और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे. झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा कि सरकार की ओर से कई बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद मांगें पूरी नहीं की गई.विधानसभा घेराव को लेकर झारखंड के हर जिले से होमगार्ड के जवान रांची पहुंच रहे हैं. होमगार्ड के जवानों ने यह भी बताया कुछ जिलों में पुलिस की ओर से उन्हें रांची नहीं आने दिया जा रहा है.
होमगार्ड की तरफ से यह मांग की गई थी कि उन्हें भी बिहार सरकार में होमगार्ड को मिलने वाले सभी सुविधाएं दी जाए. बिहार में होमगार्ड जवानों को कर्तव्य भत्ता के रूप में रोजना 774 रुपए का भुगतान होता है. वहीं, झारखंड में होमगार्ड जवानों को 1 अप्रैल 2019 से महज 500 रुपए कर्तव्य भत्ता का भुगतान प्रतिदिन होता है.
झारखंड में कुल 18673 होमगार्ड के जवान हैं, इनमें से 9000 ही ड्यूटी कर रहे हैं. होमगार्ड के 9000 वैसे जवान जिन्हें ड्यूटी नहीं मिलती है, उनकी स्थिति काफी दयनीय है, मजबूरी में उन्हें अपने परिवार का पेट पालने के लिए मजदूरी तक करनी पड़ती है




