
Giridih: गिरिडीह के डुमरी थाना क्षेत्र के ससारखो के बसगोहरा गांव स्थित बाराटील्हा टोला में डायन-बिसाही का आरोप लगाकर महिला संजोनी देवी की टांगी से मारकर हत्या कर दी गयी. घटना शुक्रवार की अहले सुबह करीब एक बजे की है.
महिला पर टांगी से हमला कर उसकी निर्ममता के साथ हत्या का आरोपी गांव का ही नईका मांझी है. नईका मांझी अपनी बेटी और पत्नी को लेकर गांव से फरार हो गया.
जिस वक्त यह घटना हुई, उस वक्त घटनास्थल में पहले से काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. लिहाजा, इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मची और ग्रामीण डर से अपने-अपने घरों में जा छिपे.
अहले सुबह हुई इस घटना की जानकारी मिलने के बाद डुमरी थाना प्रभारी राजू मुंडा भी पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ग्रामीणों से ली.
इसे भी पढ़ें:2024 तक 59 लाख हाउस होल्ड तक पहुंच जायेगी नल से जल की सुविधा
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नईका मांझी की दूसरी बेटी ललिता करीब दो सालों से बीमार चल रही थी. इसी क्रम में गुरुवार को आरोपी की बेटी की तबीयत कुछ अधिक खराब होने के बाद आरोपी अपनी बेटी को इलाज कराने बाहर ले जा रहा था.
लेकिन बीच रास्ते में ही आरोपी नईका मांझी की बेटी की मौत हो गई. रास्ते में मौत होने के बाद आरोपी समेत परिजन ललिता का शव लेकर वापस गांव लौटा. इस दौरान ललिता का शव देखने काफी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए थे. तो संजोनी देवी भी वहां पहुंची.
ग्रामीणों के अनुसार संजोनी देवी को देखकर आरोपी नईका मांझी भड़क गया और अपनी बेटी की मौत का जिम्मेवार बताते हुए संजोनी पर डायन होने का आरोप लगा कर उसके सिर पर अचानक टांगी से वार कर दिया.
सिर पर टांगी से हुए वार से जहां मौके पर ही संजोनी की मौत हो गई, वहीं उसके संजोनी की हत्या देख ग्रामीण भी सहम कर अपने-अपने घर जा छिपे, जिसका फायदा उठाकर नईका मांझी अपनी पत्नी और बेटी को लेकर गांव से फरार हो गया.
इसे भी पढ़ें:लॉकडाउन से झारखंड में टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज से जुड़े लोगों की हालत खास्ता




