
Ranchi : राज्य सरकार राज्य भर में आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम चला रही है. उसके मुताबिक इसके जरिये ग्रामीणों, जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं, पेंशन सेवाएं और अन्य लोक कल्याणकारी स्कीम का लाभ उनके बीच पहुंच कर दिया जा रहा. 16 नवंबर से 7 दिसंबर तक की अवधि में 3600 से अधिक कैंप राज्य़भर में लगाये जा चुके हैं. 13 लाख से अधिक आवेदन लोगों की तरफ से मिले. इसमें से 9 लाख से अधिक का निपटारा किया जा चुका है.
इधर भाजपा विधायक दल के नेता और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने आपके द्वार कार्यक्रम पर तंज कसा है. कहा है कि आजकल सीएम गांव-गांव घूमकर जॉब कार्ड और पेंशन बांट रहे हैं. यह काम तो बीडीओ, सीओ करते हैं. अब सीएम इसे खुद कर रहे हैं. यह दिलचस्प है.
इसे भी पढ़ें:वर्तमान सरकार में झारखंड में सुरक्षित नहीं बीजेपी कार्यकर्ताः डॉ आशा लकड़ा
प्रशासनिक व्यवस्था फेल
बाबूलाल मरांडी ने ट्विटर पर भी अपनी बात रखी है. कहा है कि अपनी विफलताओं, नाकामियों को छिपाने को सीएम आजकल गांव गांव घूम रहे हैं.
मनरेगा का जॉब कार्ड और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ वे देने में लगे हैं. यह उनके स्तर का काम नहीं. इससे पता लगता है कि सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था फेल हो चुकी है. हर काम के लिए घूस तय है.
स्थिति तो यह है कि बगैर घूस दिये जन्म प्रमाण पत्र बनाना, कुआं तालाब बना पाना संभव नहीं. करप्शन की जड़ लगातार गहरी होती जा रही है.
हेमंत सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के जरिये लोगों की आंखों में धूल झोंकने में लगी है. सीएम हेमंत को चाहिए कि वे इस दिशा में संज्ञान लें. भ्रष्ट अधिकारी, कर्मियों की पहचान हो. उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाये. भ्रष्टाचार की गहराती जड़ें राज्य को पीछे धकेल रही हैं.
इसे भी पढ़ें:Ranchi पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 अपराधी गिरफ्तार




