
Ranchi: रांची विधायक और पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने नगर विकास विभाग पर सवाल उठाये हैं. बुधवार को उन्होंने पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता की.
इस दौरान उन्होंने कहा कि रघुवर दास सरकार के समय नगर विकास, आवास औऱ परिवहन सेवाओं के मामले में कई योजनाओं पर काम शुरू करके पूरा भी कराया गया. कुछ पर पहल भी शुरू हुई.
पर राज्य में महाठगबंधन की सरकार हेमंत सोरेन के नेतृत्व में जब से आयी है, इन विभागों ने हाथ पैर समेट लिये हैं. नयी सरकार आने के बाद लोगों की आकांक्षाओं को ठगा जाने लगा है.
इसे भी पढ़ें- जेल में मारपीट करनेवाले पीएलएफआइ उग्रवादियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज
होर्डिंग पर ही हेमंत
प्रदेश भाजपा राज्य सरकार को विभागवार घेरेगी. इसके जरिये उसने राज्य सरकार की एक साल में विफलताओं को सामने लाने को प्रेस वार्ता करने का कार्यक्रम बनाया है.
इसी क्रम में बुधवार को पूर्व नगर विकास, आवास एवं परिवहन मंत्री सी पी सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार ने 29 दिसंबर को एक साल पूरे किये हैं. पर वह केवल होर्डिंगों के जरिये चेहरा चमका रही.
रघुवर सरकार में नगर विकास विभाग का बजट 2013-14 की अपेक्षा बढाकर तीन गुना तक किया गया था. 2800-2900 करोड़ तक इसे ले जाया गया था. यहां तक कि बजट का 92 से 95 फीसदी राशि तक खर्च की गयी थी. यह सरकार सिर्फ पैसे का रोना रोती है.
नगर निगमों को कोरोना काल में डिमांड के बावजूद पैसे आवंटित नहीं किये गये. पर स्थापना दिवस समारोह के लिये पानी की तरह पैसे बहाये गये.
इसे भी पढ़ें- पलामू-लातेहार में पांच सड़क हादसे, चार की मौत, जपला-बालूमाथ में सड़क जाम
स्ट्रीट लाइट, आवास योजनाओं पर काम
रघुवर दास के समय राज्य के सभी नगर निकायों को पैसे आवंटित किये गये. केवल रांची की सड़कों पर 40,000 स्ट्रीट लाइट के लिये एलइडी बल्ब लगाये गये थे.
प्रत्येक शहर में जलापूर्ति सेवाओं के लिये काम शुरू हुआ. 3 फेज पर काम होना था. इसमें से एक पर तो काम शुरू भी हो गया था. हेमंत सरकार ने इसी 3 में से एक पर काम आगे बढ़ाया है.
धनबाद में वर्ल्ड बैंक के सपोर्ट से रोड बनवाने का काम शुरू हुआ पर नयी सरकार ने 8 महीने तक काम ही रुकवा दिया. 134 करोड़ की क्षतिपूर्ति करनी पड़ी.
बिरसा मुंडा स्मृति पार्क, हज हाउस का काम हुआ. कांटाटोली में फ्लाईओवर शुरु करने पर काम बढा. पर अब हरमू, रातू, कांटाटोली सहित सभी योजनाएं रुकी पड़ी हैं.
इस्लाम नगर में 218 फ्लैट, बिरसा मुंडा स्मृति पार्क के समीप 180 फ्लैट, पंडरा (बनहौरा) में गरीबों के लिये 400 से अधिक फ्लैट बनाये गये. पर यह सब अब नहीं हो रहा. ट्रांसपोर्ट नगर की पहल हुई थी. अब सारी स्कीमें धूल फांक रही हैं.
इसे भी पढ़ें- Job Vacancy: SSC CGL 2020 परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी, 31 जनवरी तक करें आवेदन




