
Lohardaga: शनिवार को सूबे के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी बिना किसी पूर्व सूचना के लोहरदग्गा जिला के कुडू प्रखंड पहुंच गए. उन्होंने कुडू प्रखंड में पिछले 11 साल से अधूरे पड़े अस्पताल भवन का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मंत्री द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एक माह के भीतर अस्पताल निर्माण कार्य शुरू करने और 6 माह के अंदर निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. स्वास्थ्य मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि विरोधी चाहे जो भी कह लें पर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में लगातार सुधार हो रहा है.
छह नए मेडिकल कॉलेजों की होगी स्थापना
राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है. यही वजह है कि राज्य में 6 नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है. तीन मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि तीन मेडिकल कॉलेज के निर्माण को ले काम शुरु होने वाला है. इसके अलावे टाटा के माध्यम से कैंसर के इलाज को लेकर अस्पताल स्थापित करने की पहल की जा रही है.
इसे भी पढ़ेंःअब आतंकियों के निशाने पर पुलिसकर्मियों के परिजन ! पांच लोगों को किया अगवा
झारखंड में पढ़ने वाले को पहले यहां पर देनी होगी सेवा
आगे मंत्री ने कहा कि पहले और अब की परिस्थितियों में काफी अंतर आ गया है. पहले चिकित्सक झारखंड में पढ़ाई करने के बाद दूसरे राज्य में प्रैक्टिस और नौकरी के लिए चले जाते थे। अब ऐसा नहीं हो रहा. स्वास्थ्य विभाग ने यह नियम बनाया है कि झारखंड में पढ़ाई करने वाले डॉक्टरों को सबसे पहले राज्य में अपनी सेवा देनी होगी. ऐसा नहीं करने पर उन्हें जुर्माना भी भरना पड़ेगा.




