
Chakradharpur : चक्रधरपुर मारवाड़ी प्लस टू हाई स्कूल में नये छात्रावास का निर्माण होगा. इसे लेकर पूर्व विधायक शशि भूषण सामड काफी गंभीर है. वे स्कूल के जर्जर छात्रावास को देखते हुए नये छात्रावास के निर्माण के लिए काफी दिनों से प्रयास कर रहे थे. अब उनका प्रयास धरातल पर उतरता दिख रहा है. इस मामले में श्री सामड ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को पत्र सौंपा था. उसके आलोक में मंत्री के आप्त सचिव संजय बसु ने समेकित जनजाति विकास अभिकरण, चाईबासा को पत्र लिखकर छात्रावास के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा है. इस बीच मंगलवार को पूर्व विधायक शशि भूषण सामड ने मारवाड़ी हाई स्कूल की प्रधान शिक्षिका सोशन प्रभावती खावास के साथ छात्रावास के निर्माण को लेकर स्थल का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि छात्रावास पूरी तरह जर्जर हो चुका है. छात्रों के भविष्य को देखते हुए स्कूल में नये छात्रावास भवन के निर्माण की जरुरत है. यहां सुदूरवर्ती क्षेत्र से गरीब बच्चे पठन-पाठन करने आते हैं. इसी को देखते हुए उन्होंने केंद्र सरकार के संबंधित विभाग को पत्र लिखकर भवन निर्माण का प्रस्ताव भेजा था. स्कूल की प्रधान शिक्षिका ने बताया कि स्कूल का पुराना छात्रावास भवन भी पूरी तरह जर्जर हो चुका है. उसे तोड़कर उसकी जगह नए क्लास रूम का निर्माण किया जाए. इस मौके पर अन्य शिक्षक मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें-बूढ़ा पहाड़ पर नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़




