
RANCHI: प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. यहां अपनी डफली-अपनी राग वाली स्थिति हो गयी है. बोर्ड-निगम, आयोग व 20 सूत्री-निगरानी समिति में जगह पाने को लेकर सभी अपने-अपने तरीके से गोटी सेट करने में लगे हुए हैं. इस फेहरिस्त में अब युवा कांग्रेस का भी नाम जुड़ गया है. युवा कांग्रेस ने भी बोर्ड निगम, आयोग में हिस्सेदारी मांगी है. युवा नेताओं व कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें प्रदेश प्रभारी ने भी आश्वस्त कर दिया है. 18 जुलाई को कांग्रेस भवन में हुई युवा कांग्रेस की बैठक में सबने एक सुर में कहा कि पार्टी में हमें भी उचित मान-सम्मान मिलना चाहिए.
इसे भी पढ़ें : बिहार में कोरोना का खतरा बरकरार, सीएम नीतीश ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
प्रदेश अध्यक्ष की बढ़ी परेशानी
युवा विंग द्वारा हिस्सेदारी की मांग से विधायक दल के नेता आलमगीर आलम व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव की परेशानी बढ़ा दी है. क्योंकि पहले तो केवल प्रदेश स्तर के नेता व कार्यकर्ता ही इस दौड़ में शामिल थे लेकिन अब पार्टी के युवा ब्रिगेड भी इस दौड़ में शामिल हो गये हैं. युवा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांग मंत्री व विधायक दल के नेता आलमगीर आलम व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव के सामने रख दी है.
प्रदेश प्रभारी से मिल चुका है आश्वासन
प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा है कि प्रभारी ने आश्वस्त किया है कि यूथ कांग्रेस को भी उचित मान-सम्मान मिलेगा. उन्होंने कहा है कि युवा ही इस देश का भविष्य हैं और युवा कांग्रेस ने हर मोर्चे पर खुद को साबित भी किया है. इस वजह से हमें भी प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलना चाहिये.
जारी है दिल्ली दरबार
गौरतलब है कि महिने भर से अधिक समय से कांग्रेस के कई विधायक लगातार दिल्ली दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं. वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ झारखंड में बोर्ड-निगम,आयोग के गठन और उसमें पार्टी की हिस्सेदारी को लेकर बातें रख रहे हैं. आलमगीर आलम के पास भी पार्टी विधायकों ने बोर्ड निगम के मसले पर अपनी शिकायत दर्ज करायी है.




