DumkaJharkhand

हाल-ए #MNREGA : दुमका में मयूराक्षी नदी के किनारे बलुआई मिट्टी में बन रहे तालाब

Pravin kumar

Ranchi: दुमका जिले में मनरेगा की योजनाओं में अनियमितता के कई मामले सामने आ चुके हैं. मनरेगा का मकसद ग्रामीणों के लिए टिकाऊ संसाधन का सृजन करने के साथ-साथ ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना है.

लेकिन योजना की राशि की निकासी के लिए खानापूर्ति करने वाले कार्यों का चयन एवं क्रियान्यवन किया जा रहा है.

जिले के रानीश्वर प्रखंड में स्थित कॉलेज में जहां बकरी शेड का निर्माण कर दिया गया है. वहीं 2019-20 की योजना के तहत मयूराक्षी नदी के 500 फीट के भीतर ही बलुआई मिट्टी में तलाब का निर्माण किया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें : गलत तरीके से क्लर्कों व स्विचरमैन को जेई का प्रभार दिये 15 दिन हो गये, महाप्रबंधक ने नहीं लिया वापस

नदी के 500 फीट के दायरे में बनाये जा रहे तालाब

दुमका जिले के रानीश्वर प्रखंड स्थित पथरा पंचायत में मयूराक्षी नदी के 500 फीट के दायरे में बालूआई मिटी में 2019-20 की मनरेगा योजना से तलाब का निर्माण किया जा रहा है.

जहां तालाब बनाये जा रहे हैं वहां किसी तरह का कोई बोर्ड भी नहीं लगाया गया है. मनरेगा योजना में टिकाऊ संसाधन के सृजन पर भी जोर दिया जाता है.

पथरा पंचायत अन्तर्गत दो तलाब बनाने की स्वीकृति 2019-20 में दी गयी है और ये दोनों तलाब एक ही स्थान पर बनाये जा रहे हैं.

परिहरपुर में बनाये जा रहे मनरेगा योजना के तलाब का योजना कोड 3411010011/WC /7080901273755 है. इस योजना में बालू में तालाब बनाने के नाम पर 67716 रुपये अब तक खर्च कर दिये गये.

जबकि ठीक उसी तलाब के समीप बन रहे दूसरा तालाब जिसका लाभुक नदिया चन्द पाल है का योजना कोड 3411010011/WC/ 7080901273756 है. इसमें पहले तलाब में हुई खुदाई के बराबर खुदाई हुई है लेकिन इस योजना में 230166 की निकासी कर ली गयी है.

परिहारपुर के ग्रामीण प्रभात घोष कहते हैं, “जहां तालाब निर्माण हो रहा है उसके बगल में हमारी जमीन है. तालाब वाली जमीन बलुआई है और मयूराक्षी नदी के 500 फीट के दायरे में है. मनरेगा योजना के तहत बन रहे ये तालाब नदी में तेज बारिश होगा तो पूरी तरह नदी में डूब जायेंगे.”

इसे भी पढ़ें : योगेंद्र साव और रघुवर दास के करीबी राजू साव सहित चार लोगों को पुलिस ने भेजा जेल

क्या कहते हैं पथरा पंचायत के मुखिया

पथरा पंचायत के मुखिया विशुमाल पहाड़िया कहते हैं, “पंचायत में मनरेगा के तहत दो तालाब निर्माण की योजना स्वीकृत हुई है और इस पर काम चल रहा है. ये दोनों योजना नदी के 500 फीट के दायरे में हैं. दोनों ही तालाबों का निर्माण एक ही स्थान पर निर्माण किया जा रहा है.”

क्या कहते हैं प्रखंड विकास पदाधिकारी

रानीश्वर प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार कहते हैं, “पथरा पंचायत में बन रहे तालाब के संबंध में हमें जानकारी नहीं है. लेकिन अगर अनियमितता की जा रही है तो उस पर कार्रवाई जरूर की जायेगी.”

इसे भी पढ़ें : #Jharkhand: सात सौ पंचायतों में अब भी इंटरनेट सुविधा की चुनौती, 15वें वित्त की राशि के भुगतान में आयेगा संकट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button