GumlaJharkhandJharkhand Vidhansabha Election

गुमला: पुलिस-ग्रामीणों में हिंसक झड़प, फायरिंग में एक की मौत के बाद वोटिंग बंद

Gumla: गुमला के सिसई के बघनी गांव स्थित पोलिंग बूथ पर दो पार्टी समर्थकों के बीच झड़प हुई. इस झड़प और फायरिंग में एक की मौत हो गयी जिसके बाद बूथ पर वोटिंग बंद कर दी गयी है.

पुलिस इवीएम मशीन लेकर चली गयी है. वहीं बधनी गांव बूथ संख्या 36 से पोलिंग पार्टी को सुरक्षित निकाल लिया गया है. गुमला एसपी अंजनी कुमार झा के नेतृत्व में आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया है.

सीआरपीएफ के जवान गांव में कैंप कर रहे हैं. फिललाल गांव का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण बना हुआ है. इधर, चुनाव आयोग ने फायरिंग की इस घटना पर संज्ञान लिया है और पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है. वहीं निर्वाचन आयोग के पदाधिकारी फायरिंग वाले मतदान केंद्र पर पहुंच गये हैं.

सुरक्षाबलों से ही उलझ पड़े ग्रामीण 

गुमला के सिसई के बघनी गांव स्थित पोलिंग बूथ पर दो पार्टी समर्थकों के बीच झड़प हुई. पोलिंग बूथ पर तैनात जवानों ने जब दोनों गुटों को शांत कराने की कोशिश की, तो ग्रामीण सुरक्षाबलों से ही उलझ पड़े. धीरे-धीरे मामले ने तूल पकड़ा और मामूली बहस हिंसक झड़प में तब्दील हो गयी.

खबर है कि इस दौरान आपे से बाहर हुए ग्रामीणों ने आरपीएफ के जवानों से हथियार छीनने की कोशिश की. जिसके बाद खुद की रक्षा में जवानों को फायरिंग करनी पड़ी. जिसमें एक ग्रामीण की मौत हो गयी और आठ घायल हो गये.

एक की मौत, सिसई थाना प्रभारी समेत 8 जख्मी

गुमला के सिसई में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प में एक ग्रामीण (मोहम्मद जिलानी उम्र 28 साल )की मौत हो गयी है. जबकि सिसई थाना प्रभारी विष्णु देव चौधरी, पुलिस के दो जवान अखिलेश यादव और राहुल घायल हुए हैं.

साथ ही बीडीओ का चालक सीताराम सिंह और पत्रकार सीताराम साहू भी पथराव में घायल हुए हैं. तीन ग्रामीणों के भी जख्मी होने की खबर है. घायलों में मो. अश्फाक और ठुपा अंसारी शामिल हैं. सभी घायलों को गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गोलीबारी में घायल मोहम्मद तबरेज को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button