
Morbi: गुजरात के मोरबी में रविवार को माचू नदी पर बना एक सस्पेंशन ब्रिज गिर गया है. इस हादसे में अब तक कम से कम 60 लोगों की मौत हुई है. प्रधानमंत्री राहत कोष से मरने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हज़ार रुपये की राहत राशि देने की घोषणा की गई है.वहीं गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये की राहत राशि देने का एलान किया है.
बताया जा रहा है कि इस हादसे में पुल पर मौजूद कई लोग नदी में गिर गए हैं.माचू नदी पर बना एक सदी पुराना सस्पेंसन ब्रिज रविवार को टूट गया, जिससे नदी में श्रद्धालुओं के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन के अनुसार बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार घायलों को लेकर एक एंबुलेंस को दुर्घटनास्थल से निकलते देखा गया.शहर से होकर गुजरने वाली नदी पर बना यह पुल सालों से बंद था. हालांकि, मरम्मत के बाद इसे हाल ही में जनता के लिए फिर से खोल दिया गया था.
इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी ने छठ पूजा की दी बधाई, बोले- एक भारत श्रेष्ठ भारत का उदाहरण है यह पर्व
सीएम और पीएम ने घटना पर जताया दुःख
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ट्वीट किया, “मोरबी में सस्पेंशन ब्रिज के गिरने से मुझे गहरा दुख हुआ है. अधिकारियों द्वारा राहत और बचाव अभियान जारी है. मैंने घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. मैं इस संबंध से लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में हूं.” “प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य अधिकारियों से मोरबी में आपदा के बारे में बात की है. उन्होंने राहत कार्य के लिए टीमें भेजने को कहा है. वह स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं. उन्होंने कहा है कि पीड़ितों को हरसंभव मदद देने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं.




