
Jamshedpur. जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत पीएम मॉल के बगल में अर्धनिर्मित जुस्को के मॉल से सिक्योरिटी गार्ड का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. बताया जाता है कि सिक्योरिटी गार्ड पड़ोसी जिला सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर का रहनेवाला था और उसका नाम जयप्रकाश सिंह था , जो पिछले 3 दिनों से अपने घर से लापता था. परिजनों ने इसकी सूचना आदित्यपुर थाने को दी. इसके बाद बिष्टुपुर थाना मामले की तफ्तीश में जुटी. इधर बुधवार को बिष्टुपुर थाना द्वारा जुस्को मॉल में मिले एक शव की शिनाख्त करने परिजनों को बुलाया गया, जहां पहुंचने पर परिजनों गार्ड की जयप्रकाश सिंह के रूप में की. बताया जाता है कि वे ब्रैवो सिक्योरिटी एजेंसी में काम करते थे.
परिजन बोले-हत्या हुई है
परिजनों ने गार्ड के हत्या की आशंका जताते हुए मुआवजा मिलने तक शव नहीं उठाए जाने की बात कही. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. उधर घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. वहीं जांच करने पहुंची बिष्टुपुर थाना पुलिस ने गार्ड के ऊंचाई से गिरने पर मौत होने की आशंका जताई है. बताया जाता है कि मृतक के सर में गम्भीर चोटें हैं. आपको बता दें कि वर्षों से यह मॉल बन्द है जहाँ सिक्योरिटी गार्ड की लाश मिलना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है. टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी जुस्को की व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है कि आखिर तीन दिनों से गार्ड गायब था और शव मॉल में पड़ा था और किसी को कोई सूचना तक नही मिल पाई.




