
रांची: गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बुधवार को रांची स्थित गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल, पी.पी. कंपाउंड पहुँचे. उन्होंने गुरुद्वारा में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की खुशहाली और शांति की कामना की. राज्यपाल ने कीर्तन में भाग लेते हुए गुरुबाणी का श्रवण किया तथा श्रद्धालुओं से मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने लंगर में प्रसाद भी ग्रहण किया.
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि गुरु नानक देव जी का पूरा जीवन सत्य, करुणा, सेवा, समानता और सद्भाव का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएँ मानवता की राह पर चलने और समाज में प्रेम, भाईचारे तथा एकता को मजबूत बनाने की प्रेरणा देती हैं. उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे गुरु नानक देव जी के उपदेशों को अपने विचार और दैनिक जीवन में अपनाएँ, जिससे समाज में आपसी सद्भाव और मानवीय मूल्य और अधिक मजबूत हो सकें.




