
Ranchi : प्रदेश भाजपा ने आज हेमंत सरकार पर हमला बोला. सांसद और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने प्रेस वार्ता में कहा कि पूजा सिंघल प्रकरण के कारण देश भर में झारखंड की बदनामी हो रही है. राज्य में पिछले ढाई साल से भ्रष्टाचार पर नया इतिहास लिखा जा रहा है. बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे सुभान अल्लाह. सीएम अपने नाम से माइनिंग ले रहे हैं.
भाई, पत्नी, सलाहकार, विधायक प्रतिनिधि कोई भी पीछे नहीं है. अब जिलों के सरकारी पदाधिकारी भी भ्रष्टाचार करने में पीछे नहीं दिख रहे. नौडीहा बाजार, पलामू में 4.17 एकड़ जमीन (प्लॉट संख्या 297, 299, 302, 304, 306) पर क्रशर प्लांट, स्टोन चिप्स के लिये जय मंगला विंध्यवासिनी स्टोन और प्राइम स्टोन को आवंटन किया गया. इसमें पलामू डीसी शशि रंजन की भूमिका संदिग्ध है.
इन कंपनियों में अंजना चौरसिया का नाम है जिस पर डीसी के करीबी होने की बात है. लीज का एग्रीमेंट जिले में डीसी के साथ ही होता है. यह सरासर आपत्तिजनक है. डीसी इसका खंडन करे अन्यथा पार्टी इस पर आगे बढ़ेगी. कॉन्फ्रेंस में प्रवक्ता प्रेम मित्तल सहित अन्य भी थे.

जेएसएमडीसी के जरिये पूजा ने की गड़बड़ी
दीपक प्रकाश ने आरोप लगाते हुए कहा कि IAS पूजा सिंघल जेएसएमडीसी की एमडी भी थी. इसके जरिए भी उसने कई गड़बड़ियां की थीं. कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले अशोक कुमार ने पलामू में चिनियां ब्लॉक में 8 एकड़ जमीन पर कई तरह से खेला किया.
पलामू के साथ-साथ गढ़वा और दूसरे जिलों में भी बालू, पत्थर का खूब नाजायज काम किया. बालू से तेल निकालने वाले अफसर के तौर पर छवि बनायी. भारत सरकार की जांच एजेंसियों को इसकी भी जांच करनी चाहिये.
स्मार्ट सिटी में भी भ्रष्टाचार की बू
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में भी कई तरह की गड़बड़ियों की सूचना है. नगर विकास विभाग में कई तरह के भ्रष्टाचार की खबरें सामने आ रही हैं. विभागीय सचिव से जनता त्रस्त है. 10-30 फीसदी तक होल्डिंग टैक्स बढ़ाकर जनता को लूटा जा रहा है. सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं मिलता है. आने वाले समय में पार्टी इसके खिलाफ जनांदोलन करने को सड़कों पर उतरेगी.
राज्यसभा चुनाव में दूसरों से सहयोग के एक सवाल पर कहा कि वे सबों से सहयोग मांगेंगे. दूसरे विधायक अपनी अंतरात्मा के आधार पर समर्थन देंगे. रवि केजरीवाल का भाजपा नेताओं से कनेक्शन पर उन्होंने इसे खारिज कर दिया. कहा कि रवि केजरीवाल के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है.
इसे भी पढ़ें : BPSC PT का पेपर 8-10 लाख रुपये में बेचा गया था, खाते में मंगाये थे पैसे, कई अफसरों पर गिरेगी गाज




