
Ranchi: स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बुधवार को रिम्स के आइसीयू में इलाजरत पत्रकार बैजनाथ महतो की स्थिति को जाना. रिम्स डायरेक्टर कामेश्वर प्रसाद और डॉक्टर सीबी सहाय से बैजनाथ के इलाज के संबंध में विस्तृत जानकारी ली. उसे बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. साथ ही कहा कि बैजनाथ के इलाज में कोई कमी नहीं आनी चाहिये. अगर जरूरत पड़ी तो उसे बेहतर ईलाज के लिये राज्य के बाहर भी भेजा जा सकता है. इस मामले में सरकार पूरी व्यवस्था करेगी.
इसे भी पढ़ें : गढ़वा में रिश्वत लेते हुए बड़ा बाबू त्रिलोचन प्रसाद गिरफ्तार
गौरतलब है कि 11 सितंबर की रात को बैजनाथ पर हमला कर उसे अपराधियों ने गंभीर रूप से जख्मी कर दिया है. इसके बाद से उसे रिम्स में भर्ती करा दिया गया है जहां उसकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है. मामले के करीब 80 घंटे गुजर जाने के बाद भी पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है. जिससे पत्रकारों में पुलिस के प्रति रोष है.
प्रेस क्लब में धरना जारी
इधर, प्रेस क्लब की ओर से पत्रकार बैजनाथ पर हमला करने वाले अपराधी को पकड़े जाने की मांग को लेकर दूसरे भी धरना जारी है. क्लब के अध्यक्ष राजेश सिंह समेत अन्य सदस्य भी इसमें शामिल हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश सिंह, रांची बार एसोसिएशन, केंद्रीय सरना समिति समेत अन्य कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने क्लब को अपना समर्थन दिया है. बार एसोसिएशन ने कहा है कि लीगल सपोर्ट की जरूरत पड़ने पर वे निःशुल्क समर्थन देंगे. इधर, रांची पुलिस ने बैजनाथ पर हमला करवने वाले अपराधी की फोटो जारी की है. उस पर 25000 का इनाम रखा है. इसके अलावा एसआइटी का गठन कर मामले में पड़ताल शुरू कर दी गयी है.
इसे भी पढ़ें : पाकिस्तान के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, दिल्ली, महाराष्ट्र और UP से 6 आतंकी गिरफ्तार




