
Ranchi : झारखंड में स्कूलों के नाम बदलने के मामले पर सरकार एक्शन मोड में आ गयी है. स्कूली शिक्षा सचिव राजेश शर्मा ने अधिकारियों को से कहा है कि स्कूल का नाम बदले जाने के दोषियों से स्पष्टीकरण पूछें. इसके लिए जिम्मेदार बीईईओ को चिन्हित करें. अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो सस्पेंड कर डिपार्टमेंटल प्रोसिडिंग चलायें. स्कूलों का नाम बदला जाना गलत है. इसे स्कूल प्रबंधन कमिटी को देखना चाहिए. अगर कमिटी काम नहीं कर सकती है तो स्कूल कमिटी को बदल कर नयी कमेटी बनायें.
उन्होंने यह भी कहा है कि अगर बीआरपी, सीआरपी की मिलीभगत से ऐसा हो रहा है तो उनके विरुद्ध यह कार्रवाई झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा की जायेगी. चूंकि बीआरपी, सीआरपी अनुबंध पर काम करते हैं, इसलिए इनके द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं देने पर सेवामुक्त करने की कार्रवाई की जायेगी.
स्कूली शिक्षा विभाग इस मसले पर गंभीरता से मंथन भी कर रहा है. सचिव श्री शर्मा ने कहा है कि स्कूलों का नाम बदले जाने को लेकर विभाग को कई सूचनाएं मिली थीं, जिसके बाद उक्त कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:Cbse 10 th Result: सीबीएसई ने दसवीं का रिजल्ट भी जारी किया, इसमें भी लड़कियां आगे
जामताड़ा के जिला शिक्षा पदाधिकारी से शो-कॉज
जिन जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला शिक्षा अधीक्षकों को स्कूलों के नाम बदलने की जानकारी दी गई थी, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जायेगी. इस मामले में जामताड़ा के जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय शंकर से स्पष्टीकरण पूछा गया है.
समीक्षा के बाद अन्य जिला शिक्षा पदाधिकारियों व जिला शिक्षा अधीक्षकों के विरुद्ध भी कार्रवाई हो सकती है. इधर, जिन स्कूलों में प्रार्थना बदली गयी उनके प्रधानाध्यापकों या प्रभारी शिक्षकों के विरुद्ध भी कार्रवाई का आदेश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें:सोनिया गांधी पर ईडी की कारवाई के खिलाफ गिरिडीह कांग्रेस ने दिया धरना




