
Girish Malviya
आज एक हैरान कर देने वाली खबर जो आयी है वह मोदी सरकार द्वारा लूट-लूट कर खोखली कर दी गयी सरकारी कम्पनियों की खुली कहानी कहती है. आज सरकारी कंपनियों की हालत पर कैग (सीएजी) की चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है. रिपोर्ट यह बताती है कि, बीमार चल रहे अधिकांश उपक्रमों (पीएसयू) में देश का हजारों करोड़ रुपये डूब रहा है. केंद्र सरकार के स्वामित्व वाले ये सार्वजनिक उपक्रम लगातार बदहाली की नई पटकथा लिख रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंःराहुल गांधी के राजनीतिक प्रहार से तिलमिलायी भाजपा
मौजूदा नरेंद्र मोदी सरकार के चार साल में PSU कम्पनियों को औसतन 30,000 करोड़ का घाटा हर साल हुआ है ओर देश की सरकारी कंपनियों के घाटे का आंकड़ा इन चार सालों में रिकॉर्ड 1 लाख करोड़ को भी पार कर गया है. दरअसल, PSU या सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम उन कम्पनियों को कहते हैं जिन कंपनियों की पूंजी में केंद्र या राज्य की 51 प्रतिशत या इससे अधिक हिस्सेदारी होती है.
कैग ने 1,000 करोड़ से ज्यादा का नुकसान उठाने वाली सरकारी कंपनियों की भी लिस्ट रिपोर्ट में बनाई है. जिसके मुताबिक 2016-17 में सबसे ज्यादा स्टील ऑथरिटी ऑफ इंडिया को नुकसान हुआ. कंपनी को इस वर्ष 3,187 करोड़ का घाटा झेलना पड़ा. इसी तरह महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड को 2,941 करोड़, हिंदुस्तान फोटोफिल्म्स कंपनी लिमिटेड को 2,917, यूनाइडेट इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को 1,914, ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को 1,691 और राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड को 1,263 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.
इसे भी पढ़ेंःदिखावे की “चकाचौंध” में राज्य को डूबा तो नहीं रही “सरकार” ?
इन कम्पनियों के इस घाटे से बचाने के लिए मोदी सरकार ने कोई कदम नहीं उठाए बल्कि उसका पूरा ध्यान तो इस घाटे को बढ़ाने में ही लगा रहा, ताकि अडानी-अम्बानी जैसे उद्योगपतियों को बेहद सस्ते दामों में इनको बेचा जा सके.
पिछले 1 साल में मोदी सरकार के 19 मंत्रालयों में वित्तीय अनियमितताओं पता चला है, जिन्होंने सरकारी राजस्व को 1179 करोड़ रुपए की चपत लगाई गई है और यह भी 4 अप्रैल 2018 को संसद पहुंची कैग की रिपोर्ट में बताया गया है.
जिस पैसे को देश के विकास में, सड़कों के निर्माण में या स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार में लगाया जा सकता था. उस पैसे से ये लोग सरदार पटेल की मूर्ति बनवा रहे हैं. आपको जानकर आश्चर्य होगा कि सरदार पटेल की मूर्ति बनाने के लिए पैसा इन घाटे में जाती कम्पनियों से ही लिया जा रहा है.
इसे भी पढ़ेंःभारत में स्मार्ट और सस्टेनेबल सिटीज के लिए युवाओं की योग्यता में निवेश ही एक बेहतर नीति है
CAG ने इस साल इसके अलावा संसद सत्र में एक रिपोर्ट और पेश की थी. CAG ने अपनी इस रिपोर्ट में कहा कि गुजरात में स्थापित सरदार पटेल की प्रतिमा पर ONGC ने 50 करोड़, इंडियन ऑयल ने 21.8 करोड़, BPCL, HPCL और OIL ने 25 करोड़ रुपए योगदान दिये हैं.
यह योगदान CSR फंड के तहत दिए गए है. CAG के मुताबिक, CSR के नियमों के तहत कोई भी कंपनी किसी राष्ट्रीय धरोहर को बचाने के लिए CSR फंड का इस्तमाल कर सकती है, लेकिन सरदार पटेल की यह प्रतिमा राष्ट्रीय धरोहर नहीं मानी जा सकती. इसलिए तेल कंपनियों द्वारा उठाया गया यह कदम नियमों के खिलाफ है. इस पूरे प्रोजेक्ट में 2,989 करोड़ रुपए के खर्च का आंकलन किया गया है, जो ऐसे ही वसूला जाएगा.
लेखक आर्थिक मामलों के जानकार हैं और ये इनके निजी विचार हैं.




