
GOPALGANJ: गोपालगंज पुलिस ने चोरी की बाइक की खरीद बिक्री करने वाले एक गैंग का भंडाफोड़ किया है. वही इस गैंग के 5 सदस्यों को भी चोरी की बाइक और कई फर्जी स्मार्ट कार्ड के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई थावे पुलिस ने थावे दुर्गा मंदिर के समीप गोलंबर से किया है.
इसे भी पढ़ें : महंगाई: देश के चार प्रमुख महानगरों में पेट्रोल सौ के पार, जानें-आज कितने की वृद्धि हुई और रांची में क्या है भाव
सदर एसडीपीओ नरेश पासवान ने बताया कि थावे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक चोरी की बाइक की खरीद बिक्री करने वाले हैं. सूचना मिलते ही थावे पुलिस ने गोलंबर के पास से छापामारी कर 5 युवकों को गिरफ्तार किया. युवकों के पास से चोरी की दो बाइक, 4 मोबाइल फोन, चार स्मार्ट कार्ड, तीन लैपटॉप, दो प्रिंटर, कई पीवीसी कार्ड और कई फर्जी स्मार्ट कार्ड के चिप भी बरामद किए हैं.
सदर एसडीपीओ नरेश पासवान के मुताबिक इन लोगों के द्वारा बाइक की चोरी की जाती थी और फिर उसका फर्जी तरीके से आरसी बुक बनाकर और फर्जी तरीके से स्मार्ट कार्ड बनाकर उसकी बिक्री की जाती थी. इस मामले में सीवान के एक दुकानदार को भी गिरफ्तार किया गया है. जिसके द्वारा चोरी की गाड़ियों के फर्जी दस्तावेज तैयार किये जाते थे. गिरफ्तार युवकों में चार युवक नौतन थाना, सीवान के रहने वाले है. जबकि एक युवक नगर थाना गोपालगंज के बंजारी का रहने वाला है. बहरहाल पुलिस सभी गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर उन्हें जेल भेज दी है. बता दें कि हाल के दिनों में गोपालगंज में बाइक की चोरी की वारदात में लगातार इजाफा हुआ था. जिसके बाद पुलिस ने इस बड़ी कारवाई को अंजाम दिया है.




