
Mumbai: अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला का पार्थिव शरीर शुक्रवार को अंतिम दर्शन के लिए मुंबई के सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब में रखा जाएगा. सुबह 10 बजे उनका अंतिम संस्कार ओशिवारा श्मशान घाट में किया जाएगा. बिग बॉस-13 के विनर रहे सिद्धार्थ शुक्ला के असामयिक निधन से उनके चाहने वालों के साथ ही उनके विरोधी कहे जाने वाले लोग भी शॉक्ड हैं. महज 40 की उम्र में वे इस दुनिया को अलविदा कह गये. जिस वक्त सिद्धार्थ बीमार हुए तब उनकी गर्लफ्रेंड शहनाज भी वहीं थीं. बताया जाता है कि तबीयत अधिक बिगड़ने के बाद शहनाज ने ही उनके परिजनों को बुलाया था. फिर सिद्धार्थ को उनकी बहन प्रीती और बहनोई कूपर अस्पताल ले गए थे.
पता चला है कि मौत से ठीक एक दिन पहले सिद्धार्थ शुक्ला का मूवमेंट आम दिनों के मुकाबले अलग था. वे अक्सर डिनर घर पर ही अपनी मां के साथ करते थे. बुधवार की रात उन्होंने वह भी नहीं किया। सिर्फ छाछ पी और कुछ फ्रूट्स खाए. फिर तीन घंटे टीवी और मोबाइल पर शोज देखे. रात ढाई बजे मां से पानी मांगा और पानी पीकर सोने चले गए. सिद्धार्थ शुक्ला बचपन से अपनी मां के साथ ब्रह्माकुमारी सेंटर आया-जाया करते थे. बहुत कम उम्र से दुनियावी चीजों से उनका मोहभंग था। वो अब जहां अपना नया घर बनवा रहे थे, वहां एक विशाल मेडिटेशन रूम भी बनना था.
सदमे में शहनाज
सिद्धार्थ के निधन से गर्लफ्रेंड शहनाज गिल गहरे सदमें में हैं. शहनाज के पिता संतोख सिंह सुख की मानें तो सिद्धार्थ शुक्ला ने शहनाज गिल के हाथों में ही दम तोड़ा है. संतोख सिंह ने बताया है, ‘शहनाज का रो रोकर बुरा हाल है। उसने मुझसे कहा, पापा उसने मेरे हाथों में दम तोड़ा है. मेरे हाथों में वो इस दुनिया को छोड़कर गया. अब मैं क्या करूंगी? कैसे जियूंगी?’ इधर, चर्चा यह भी रही है कि शहनाज गिल गुरुवार को अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रही थीं, हालांकि सिद्धार्थ के निधन की खबर मिलते ही शहनाज शूटिंग छोड़कर चली गई थीं.




