
Palamu : जिले में कोरोना को मात देने वाले तीन मरीजों का जोरदार स्वागत किया गया. सतबरवा के डेडिकेटेड कोविड-19 नवजीवन अस्पताल तुंबागडा में शनिवार को स्वागत समारोह आयोजित कर उनका अभिनंदन किया गया. जिले के उपायुक्त डॉ. शांतनु कुमार अग्रहरि ने कोरोना मुक्त तीनों व्यक्तियों को फूलों का गुलदस्ता, वस्त्र, सैनेटाइजर, मास्क व मिठाई देकर रवाना किया.
इसे भी पढ़ें – #Corona_In_India : हर्षवर्धन ने कहा- विकसित देशों की तरह खराब नहीं होंगे भारत के हालात, हम पूरी तरह से तैयार
मांदर के थाप पर दी गयी तीनों को विदाई
डेडिकेटेड हॉस्पिटल परिसर में ढोल-नगाड़ा आदि पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन और पारंपरिक गीत-नृत्य के बीच उन पर पुष्पवर्षा करते हुए विदायी दी गयी. तीनों कोरोना वॉरियर थैक्यू कहते हुए हॉस्पिटल से बाहर एम्बुलेंस से निकले. तीनों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए एम्बुलेंस से लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र अवस्थित उनके घरों तक पहुंचाया गया.
इसे भी पढ़ें – खुलासा : व्हाइट हाउस के शीर्ष अधिकारियों ने कोरोना के संक्रमण और कंट्रोल से संबंधित रिपोर्ट के दस्तावेज दबाये
देशी इलाज से ठीक हुए तीनों मरीज: उपायुक्त
उपायुक्त डॉ. अग्रहरि ने तीनों के सफल स्वास्थ्य व सफल भविष्य की कामना की और ठीक होने की शुभकामनाएं दी. उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा प्राप्त गाइड लाइन के अनुरूप इन्हें चव्वनप्राश, दूध, विटामिन-सी टैबलेट, हाइड्रोक्सी क्लोरोक्वीन, काढ़ा इत्यादि पारंपरिक दवाएं दी गयीं. उन्होंने कहा कि तीनों व्यक्ति समाज में जाकर सकारात्मक भाव से अपना अनुभव साझा करें. कोरोना वायरस से लोग नहीं घबराएं. सावधान व सतर्क रहेंगे.
14 दिनों के होम क्वारेंटाइन में रहने की अपील सिविल सर्जन ने की
सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ केनेडी ने कोरोना मुक्त स्वस्थ होने के बाद भी तीनों को 14 दिनों के लिए होम क्वारेंटाइन में रहने की अपील की. साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की बात भी कही.
मौके पर डीपीएम दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि किसी प्रकार से कोई परेशानी होगी, तो कॉल करके जानकारी देंगे. मौके कोविड मरीजों के इलाज में लगे डॉक्टर रोहित पांडे, बीडीओ संजय कुमार बखला ,अस्पताल प्रबंधक श्रीमती हेलेन पॉल ,चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शिशिर ,डॉ.अर्जिन ,डॉ.सौरभ ,डॉ.स्टीफन,एनएस लिंडा सिंटेक, रेशम प्रधान, दिनेश, मनोहर, थाना प्रभारी रूपेश कुमार दूबे, एएसआई रीतलाल यादव समेत कई लोग मौजूद थे. इस अवसर पर सोशल डिस्टेंस का लोग पालन करते देखे गये.
इसे भी पढ़ें –#Dhanbad : घर भेजे जाने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे सैकड़ों मजदूर, किया हंगामा, सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ी धज्जियां




