JharkhandLead NewsRanchiSports

कबड्डी खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, झारखंड में भी कबड्डी लीग के आयोजन की तैयारी

IPL की तर्ज पर कबड्डी लीग को किया जा रहा है प्रोत्साहित

Ranchi : झारखंड में कबड्डी लीग के आय़ोजन की तैयारी है. आइपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) की तर्ज पर कबड्डी लीग को प्रोत्साहित करने की योजना है. कबड्डी के महाकुंभ कहे जाने वाले लीग मैच के जरिये ग्रामीण और शहरी कस्बों से कई खिलाड़ियों को सामने लाया जायेगा. कबड्डी के विकास के लिये नयी रुपरेखा तैयार की जायेगी.

 

झारखंड स्टार कबड्डी लीग के अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के अनुसार पंचकुला (हरियाणा) के देवीलाल स्टेडियम में स्टार कबड्डी सीजन टू का आयोजन 2 अप्रैल से हो रहा है. 6 अप्रैल तक खेले जाने वाले कबड्डी के इस बड़े प्लेटफॉर्म पर 20 टीमें अपना दमखम दिखायेंगी. यहां से मिले अनुभव का इस्तेमाल झारखंड में कबड्डी लीग कराये जाने में किया जायेगा.

लीग में 21 लाख का ईनाम

पंचकुला में खेली जाने वाली स्टार कबड्डी लीग सीजन-टू में देशभर से 20 टीमें शामिल हो रही हैं. प्रतियोगिता में विजेता टीम को 21 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा. टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर पंचकूला में 21 फरवरी को प्रमोशन कार्यक्रम हुआ था. इसमें स्टार लीग के पदाधिकारियों व अंतराष्ट्रीय स्तर के खिलाडियों ने भी भाग लिया था. स्टार कबड्डी लीग के ब्रांड एंबेसडर पदमश्री योगेश्वर दत्त भी उपस्थित थे. इस प्रतियोगिता का उद्देश्य गांव स्तर की प्रतिभाओं को मंच दिलाना है. गांव की मिट्टी में पले बढ़े युवाओं को आगे लाने के लिए कबड्डी लीग के जरिये एक मंच तैयार किया गया है.

 

लीग का उद्देश्य कबड्डी को भारत में क्रिकेट की तर्ज पर विख्यात करना है. नेशनल लेवल पर आयोजित की जा रही इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों को तैयार करने को पांच सौ ट्रायल किए गए है. जो टीम भाग ले रही हैं, उनमें से प्रमुख हैं- राजस्थान रूलर, हिमाचल बुल्स, यूपी पायलट, बंगाल टाईगर, मुबई मराठा व असम की टीमों के अलावा महिलाओं की गोवा लीग, बंगाल, पटना व दिल्ली की टीमें शामिल हैं. इस टूर्नामेंट के आयोजन में झारखंड के टेक्निकल ऑफिशियल के तौर पर 5 लोगों को शामिल किया गया है.

Related Articles

Back to top button