
NewDelhi : पीएम मोदी ने एक न्यूज चैनल को दिये इंटरव्यू में कहा है कि गांधी जी या गोडसे के बारे में जो बयान दिये गये हैं वो बहुत ख़राब है और समाज के लिए बहुत गलत हैं. ये अलग बात है कि उन्होंने माफ़ी मांग ली, लेकिन मैं उन्हें मन से कभी माफ़ नहीं कर पाऊंगा. बता दे कि महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे के देशभक्त बताने वाले बयानों पर भाजपा लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में अब डैमेज कंट्रोल की कोशिश शुरू की है. इसी कड़ी में प्रज्ञा ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनंत हेगड़े और नलिन कुमार कतील को 10 दिन के अंदर सफाई देने के लिए कहा गया है.
इसे भी पढ़ेंःप्रधानमंत्री मोदी नेता नहीं अभिनेता हैं, अच्छा होता अमिताभ बच्चन को ही पीएम बना देते : प्रियंका गांधी
अनंत हेगड़े, साध्वी प्रज्ञा के बयान उनके निजी बयान
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की ओर से ट्वीटर में दिये गये बयान में कहा गया है, ‘विगत 2 दिनों में अनंत कुमार हेगड़े, साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और श्री नलीन कटील के जो बयान आये हैं वो उनके निजी बयान हैं, उन बयानों से भारतीय जनता पार्टी का कोई संबंध नहीं है. अमित शाह ने कहा है कि इन लोगों ने अपने बयान वापिस लिए हैं और माफ़ी भी मांगी है.
फिर भी सार्वजनिक जीवन तथा भाजपा की गरिमा और विचारधारा के विपरीत इन बयानों को पार्टी ने गंभीरता से लेकर तीनों बयानों को अनुशासन समिति को भेजने का निर्णय किया है. आखिरी ट्वीट में अमित शाह ने कहा, अनुशासन समिति तीनों नेताओं से जवाब मांगकर उसकी एक रिपोर्ट 10 दिन के अंदर पार्टी को दे, इस तरह की सूचना दी गयी है.
मोदी जी-अमितशाह जी देश से माफ़ी क्यों नहीं मांग रहे : कांग्रेस
कांग्रेस भाजपा को इस मुद्दे पर बख्शने के मूड में नहीं है. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रभक्त दिग्गज माफी कब मांगेंगे. वहीं कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा एवं प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देश की अस्मिता के खिलाफ गुरिल्ला युद्ध छेड़ रखा है. सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, ऐसा लगता है कि मोदी सरकार ने भारत के स्वतंत्रता सेनानियों और इतिहास पुरुषों के खिलाफ़ एक छद्म युद्ध छेड़ रखा है.
सुरजेवाला ने कहा, महात्मा गांधी ने कहा था-मैं यह मानता हूँ और मेरा यह अनेक बार का अनुभव है कि कोई व्यक्ति अपने आप को कितना भी योग्य क्यों न कहे, उसके गुप्त अनीतिपूर्ण कृत्य एक दिन उजागर हो ही जाते हैं. गांधी जी के उक्त विचार लगता है मोदी- शाह की जोड़ी के लिए ही कहे गए हों.” उन्होंने दावा किया, मोदी-शाह की जोड़ी प्रचार में गांधी और विचार में गोडसेवादी है. सुरजेवाला ने सवाल किया, क्या यही भाजपा का राष्ट्रवाद है? क्या स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान भाजपा की असली जीवनशैली है? मोदीजी-अमित शाह जी देश से माफ़ी क्यों नहीं मांग रहे?
इसे भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री मोदी ने आखिरी चुनावी जनसभा में कहा, अबकी बार 300 पार, फिर एक बार मोदी सरकार




