GiridihJharkhand

गिरिडीह : ट्रेन से उतरते समय महिला के पैर कटे, एक बच्ची भी घायल

Giridih : जिले के हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन में शुक्रवार को जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस से उतरने के क्रम में एक महिला पटरी के नीचे चली गई. इस घटना में महिला यात्री के दोनों पैर कट गए. जबकि उसकी चार वर्षीया पुत्री भी घटना में गम्भीर रूप से घायल हो गयी. सूचना मिलते ही आरपीएफ निरीक्षक विपिन कुमार, एएसआई रामायण मिश्रा अन्य जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला एवं उसकी पुत्री को पटरी से बाहर निकाला.

इसे भी पढ़ें: ‘न्यूज विंग’ की खबर पर राजभवन ने लिया संज्ञान, कुलपति से मांगा स्पष्टीकरण

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक बिरनी प्रखंड के चिताखारो गांव निवासी चुन्नुकान्त टूडू अपनी पत्नी रूबी मुर्मु और दो बच्चों के साथ मुरादाबाद से जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस से अपने गांव लौट रहे थे. हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन पर गाड़ी अभी पूरी तरह से रुकी भी नहीं थी कि उक्त महिला प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर उतरने लगी. जिस कारण वह संतुलन खो बैठी और प्लेटफार्म पर गिरकर रेलवे पटरी पर पहुंच गई. जिससे मौके पर ही ट्रेन से उसके दोनों पैर कट गए, जबकि इस घटना में उसकी बेटी भी जख्मी हो गयी. दोनों घायलों को इलाज हेतु उप स्वास्थ्य केन्द्र सरिया लाया गया. जहां चिकित्सकों ने उनकी गम्भीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया.

Related Articles

Back to top button