
- छापामारी में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी और लैब टेक्नीशियन ने जांच कर बताया नकली हल्दी
पिसाई करानेवाले शख्स ने किया दावा- नकली हल्दी नहीं, रंग का पाउडर है बोरों में, कपड़ों की होती है रंगाई
Giridih : गिरिडीह खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने नकली हल्दी तैयार करने के आरोप में मंगलवार को शहर के बरवाडीह स्थित कृष्णा चक्की मिल को सील कर दिया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने मिल से बड़ी मात्रा में बरामद कथित नकली हल्दी पाउडर का सैंपल लेकर उसे जांच के लिए लैब भेज दिया है.
बता दें कि शहर में मिलावटी सामान की जांच करने के लिए पिछले दो दिनों से शहर के अलग-अलग स्थानों पर चलंत लैब वाहन घूम रहा है. इसी क्रम में मंगलवार को दिन के 11.45 बजे चलंत लैब वाहन के साथ खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी पवन कुमार लैब टेक्नीशियन के साथ शहर के बरवाडीह में एक गली में स्थित कृष्णा चक्की मिल पहुंच गये.

उन्होंने देखा कि कृष्णा चक्की मिल में पिसी हुई हल्दी के बोरे भरे पड़े हैं. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने खुद उन बोरों की जांच की, तो पाया कि उसमें हल्दी पाउडर और कुछ संदिग्ध सामग्री है. तब तक छापामारी की खबर सुनकर लोगों की भीड़ मिल में इकट्ठा हो चुकी थी.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने मिल में सभी लोगों के सामने 20 से अधिक बोरों में रखे करीब ढाई क्विंटल से अधिक हल्दी जैसा दिखनेवाले पाउडर की जांच की, तो उसमें सफेद रंग का दाना भी मिला हुआ पाया. लैब टेक्नीशियन ने जांच की, तो पता चला कि इस मिल में नकली हल्दी की पिसाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : Ranchi : सिर्फ दिखावे के लिए रह गये हैं रांची के चौक-चौराहों पर लगे कैमरे
बोरों में नकली हल्दी नहीं, रंग का पाउडर होने का दावा
इधर, जांच के दौरान ही विनय उपाध्याय नामक एक शख्स मिल पहुंचा. उसने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को बताया कि बोरों में भरी सामग्री नकली हल्दी नहीं, बल्कि रंग है. उसने बताया कि शहर के विकास बंसईवाला इस मिल में इंडस्ट्रीयल रंग की पिसाई कराते हैं.
जानकारी मिलने के बाद विकास बंसईवाला भी मिल पहुंचे और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के पास दावा करते हुए कहा कि हर बोरे में रंग का पाउडर भरा हुआ है. साल में एक बार रंग की पिसाई बरवाडीह की कृष्णा चक्की मिल में की जाती है.
इस रंग से कपड़ों की रंगाई की जाती है. विकास बंसईवाला के दावों के बाद मिल को सील करने के साथ जांच के लिए सैंपल लेकर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी चले गये.
इसे भी पढ़ें : नगर निगम में टेंडर डालने पहुंचे कई गुट आपस में भिड़े, जमकर चली लाठी-डंडे




