
Dhanbad: शहर के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में कोयला तस्करों से होमगार्ड जवान द्वारा वसूली करने का मामला सामने आया है. इलाके के लक्ष्मी कॉलोनी के रास्ते में होमगार्ड द्वारा कोयला तस्करों से पैसा की अवैध वसूली करने का मामला प्रकाश में आया है.
वीडियो में साफ दिख रहा है कि कोयला तस्कर और होमगार्ड के जवान (जो सादे कपड़ों में) पैसा लेने के लिए बहसा-बहसी भी कर रहे हैं. वीडियो में दिख रहे होम गार्ड के जवान (भगवान सिंह) कई सालों से जोड़ापोखर थाना में जमे रहे.
इसे भी पढ़ेंःडबल इंजन सरकार का सच: मिशन अंत्योदय के तहत 1418 में से 1364 ग्राम पंचायतों में शुरू नहीं हुआ काम
रसूखवाले भगवान सिंह का अगर ट्रांसफर भी हुआ तो कम ही समय में वो जोड़ापोखर थाना वापस आ जाते है. फिलहाल भगवान सिंह जोड़ापोखर थाना की गाड़ी चला रहे हैं. बताया जाता है कि जवान भगवान सिंह का कोयला तस्करों से अवैध वसूली का खेल वर्षों से चला आ रहा है.
बरारी आउटसोर्सिंग से प्रतिदिन होती है कोयला की चोरी
इस वीडियो क्लिप में साफ दिख रहा है कि पुराने स्कूटर पर लादकर तस्कर कोयला जोगनकोच की ओर ले जा रहा है. यह कोयले का अवैध धंधा बहुत दिनों से चल रहा है.
बरारी आउटसोर्सिंग से प्रतिदिन चार स्कूटर और दर्जनों साइकिल से इस तरह अवैध कोयले की तस्करी की जाती है. सूत्रों की मानें तो भगवान सिंह द्वारा ही कोयला तस्करों से पैसे की वसूली कर अधिकारियों में बंदरबाट की जाती है. हालांकि न्यूजविंग वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.
इसे भी पढ़ेंःकश्मीर में पाबंदियों पर SC सख्तः इंटरनेट को बताया मौलिक अधिकार, सात दिनों में प्रतिबंधों की समीक्षा का आदेश
वायरल वीडियो की होगी जांच- डीएसपी
इस वायरल वीडियो को लेकर सिंदरी के डीएसपी अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जायेगी.
मालूम हो कि क्षेत्र में इन दिनों अवैध कोयला चोरी का धंधा फल-फूल रहा है. अक्सर कोयला लदा ट्रक या ट्रैक्टर को जब्त किया जाता है. वाहन चालकों की भी गिरफ्तारी होती है, लेकिन पुलिस मामले की खानापूर्ति कर छोड़ देती है.
अधिकतर मामलों में अवैध कोयला कारोबार के मुख्य सरगना पुलिस की पकड़ से दूर ही रहते हैं. पुलिस भी इन सरगनाओं को पकड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाती जिस कारण धनबाद में कोयला के अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लग पाता है.
इसे भी पढ़ेंः#GauriLankesh हत्या मामले में झारखंड से एक आरोपी गिरफ्तार




