
Garhwa: जिले से एक दिल दहला देनेवाली घटना सामने आयी है. एक ही परिवार के चार सदस्यों का शव मिलने से इलाके में सनसनी है.
गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के रक्शी गांव में रविवार रात ये दर्दनाक घटना घटी है. इलाके में एक शख्स ने दो बच्चों एवं पत्नी की हत्या कर दी और उसके बाद खुद फांसी के फंदे से झूल गया.
पुलिस घटना स्थल पर पहुंच चुकी है. शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है. घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है.
इसे भी पढ़ेंःदेश के नौ राज्यों में कुदरत का कहरः बाढ़-बारिश से 221 लोगों की गयी जान, सैकड़ों लापता
कुएं से मिली तीन लाशें
बताया गया है कि रक्सी निवासी शिवकुमार बैठा ने अपनी पत्नी बबीता देवी (26), पुत्री तान्या कुमारी (10) एवं श्रेया कुमारी (6) की हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया व खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
सोमवार सुबह जब शिव कुमार की मां उसके घर गई तो उसके घर का दरवाजा खुला था और घर से थोड़ी दूर पर स्थित अमरुद के पेड़ पर उसका शव झूल रहा था.
मां के रोने और चिल्लाने पर जमा हुए गांव के लोगों ने और लोगों की खोजबीन की और शव को कुएं से निकाला गया.शुरुआत में केवल शिवकुमार एवं एक बच्ची का शव बरामद हुआ था.
एक बच्ची एवं पत्नी गायब थी. घटना को देखकर लोगों को आशंका हुआ कि कही पत्नी एवं बच्चे की भी हत्या तो नहीं कर दी गई है. लोगों ने इस लिहाज से आसपास के कुएं में खोजबीन की, तो दूसरी बच्ची एवं पत्नी का शव कुआं में मिला.
जानकारी के अनुसार, शिव कुमार पर लगभग पांच-छह लाख रुपये का कर्ज था. समझा जाता है कि इससे शिव कुमार काफी दिनों से तनाव में था. इसी कारण उसने यह कदम उठा लिया. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
इसे भी पढ़ेंःदेशभर में ईद-उल-अज़हा की रौनक, राष्ट्रपति कोविंद और प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को दी बधाई




