GarhwaJharkhandLead News

Garhwa : मंत्री का पीए बन कर उत्पाद विभाग के दारोगा को दी गालियां, एफआइआर के बाद व्यवसायी अशोक जायसवाल फरार

Garhwa : जिले के नगर उंटारी (श्री बंशीधर नगर) के व्यवसायी अशोक जायसवाल के विरुद्ध नगर उंटारी थाने में एफआइआर दर्ज हुआ है. उत्पाद विभाग के दरोगा कुलदीप कुमार ने अशोक जायसवाल एवं एक अन्य अज्ञात के विरुद्ध एफआइआर करायी है. अशोक जायसवाल पर मंत्री के पीए मनोज झा के नाम का इस्तेमाल करते हुए उत्पाद विभाग के दारोगा को फोन कर उन्हें एवं उनके अधीक्षक को भद्दी भद्दी गालियां देने और एक अन्य अज्ञात पर स्वयं को मंत्री के रूप में पेश करते हुए नगर ऊंटारी से अवैध शराब बेचने के आरोप में पकड़े गये युवक को छोड़ने के लिये दबाव बनाने का आरोप है.

उत्पाद विभाग के दारोगा कुलदीप कुमार के फोन पर अशोक जायसवाल द्वारा मंत्री के पीए मनोज झा बनकर कथित गाली गलौज करने संबंधी एक ऑडियो शनिवार को बड़ी तेजी के साथ वायरल हुआ है. कुलदीप कुमार ने पुलिस को अपने आवेदन के साथ उक्त ऑडियो की प्रति भी सौंपी है.

इसे भी पढ़ें:जिला खनन टास्क फोर्स ने की मिर्जाचौकी रेलवे साइडिंग में छापेमारी

कुलदीप कुमार ने लिखा है कि गत शुक्रवार को उनलोगों ने नगर ऊंटारी में अवैध शराब के साथ एक युवक को पकड़ा था. इसी बीच शुक्रवार की रात्रि में ही लगभग 10 बजे मोबाईल नंबर 7250522033 से उनके मोबाईल फोन आया. जिसे उठाने पर फोन करने वाले शख्स ने स्वयं को मंत्री का पीए मनोज झा बताते हुए उन्हें भद्दी भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं.

उक्त व्यक्ति ने उन्हें और उत्पाद अधीक्षक को खूब गालियां दीं और बाद में जिस व्यक्ति से बात कराया उसने स्वयं को मंत्री के रूप में पेश करते हुए अवैध शराब के साथ पकड़े गये शख्स को छोड़ देने के लिए दबाव बनाया.

इसे भी पढ़ें:माओवादी के टॉप कमांडर संदीप यादव की मौत बाद बिहार-झारखंड के मध्य जोन की कमान के लिए 8 नक्सलियों के नाम चर्चा में

इसके बाद कुलदीप कुमार ने मामले की जानकारी अपने उत्पाद अधीक्षक को दी और जब फोन नंबर की छानबीन की तो मालूम चला कि गालियां बकने वाला शख्स नगर ऊंटारी का व्यवसायी अशोक जायसवाल है.

पुलिस ने उत्पाद दारोगा कुलदीप कुमार के आवेदन के आधार पर अशोक जायसवाल और एक अन्य अज्ञात के विरुद्ध आइपीसी की धारा 353, 34, 419, 420, 504, 506 के साथ साथ 66 आइटी एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज की है. अशोक जायसवाल को पकड़ने के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

इसे भी पढ़ें:कमल भूषण हत्याकांड के चार आरोपी गाजीपुर से गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button