
Dhanbad: झरिया-सिदरी मुख्य सड़क के किनारे नाली में बनियाहीर के पास रविवार को गोफ बन गया. गोफ से लगातार गैस रिसाव हो रहा है. यह इलाका अग्नि व भू धंसान प्रभावित है. नाली के पास ही सड़क व कई दुकानें हैं. स्थानीय लोगों ने कहा कि पहले यहां से हल्का गैस का रिसाव हो रहा था, आज अचानक गोफ बन गया. इसके पहले भी मोहल्ले के सार्वजनिक नल के पास गैस का रिसाव हो चुका है. बीसीसीएल अधिकारियों की लापरवाही से यहां कभी भी बड़ी घटना हो सकती है.
उल्लेखनीय है कि झरिया-सिदरी मुख्य सड़क के बनियाहीर चार नंबर के पास की सड़क धीरे-धीरे नीचे की ओर बैठ रही है. यहां की आधी सड़क पांच इंच धंसकर नीचे चली गई है. कई माह पूर्व भी यहां सड़क धंसी थी. उसके आसपास ही फिर नाली से गैस का रिसाव होने लगा है. स्थानीय लोगों ने गैस रिसाव की जानकारी कोलियरी के अधिकारियों को दी. लेकिन, रविवार की देर शाम तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. इससे लोगों में रोष है.
एक दशक पूर्व बनी थी सड़क
स्थानीय लोगों ने कहा कि एक दशक पूर्व भी यहां की सड़क धंसी थी. लगातार धंसती जा रही थी. इसके बाद जिला प्रशासन ने बैंक मोड़ से हनुमानगढ़ी बनियाहीर तक सड़क का निर्माण कराया था. इंदिरा चौक से हनुमानगढ़ी तक भू धंसान इलाके की सड़क को लगभग चार फीट ऊंचा कर बेहतर तरीके से बनाया गया था. एक दशक के बाद फिर यहां की सड़क धंसने लगी है.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में रविवार को मिले कोरोना संक्रमण के चार नए मामले, दो लोगों को किया गया डिस्चार्ज




