
Ranchi: राजधानी रांची में 2-3 मार्च को जी-20 की बैठक होनी है. बैठक में शामिल जी-20 देशों के प्रतिनिधि पतरातू डैम का आनंद लेने भी जा सकते हैं. ऐसे में पर्यटन निदेशालय, झारखंड ने पतरातू लेक रिसार्ट को 11 दिनों तक आम लोगों के लिए बंद रखने का फैसला किया है. इस संबंध में निदेशालय की ओर से सूचना भी जारी कर दी गई है. इसके मुताबिक जी-20 समिट को देखते रामगढ़ जिला स्थित पतरातू लेक रिसार्ट को 22 फरवरी से 4 मार्च तक बंद रखा जाएगा. इस अवधि में आम लोगों के लिए लेक रिसार्ट एरिया पूरी तरह से बंद रहेगा. कहा जा रहा है कि इसके जरिये लेक रिसार्ट की साफ सफाई, सुंदरीकरण और अन्य कार्यों को दुरूस्त रखा जाएगा ताकि यहाँ आने पर राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय अतिथियों को पतरातू लेक का भरपूर आनंद मिल सके.

तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
गौरतलब है कि रांची में जी-20 समिट को देखते राज्य सरकार और रांची जिला प्रशासन रांची नगर निगम के साथ मिलकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगी है. समूचे शहर को संवारा जा रहा है. मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाया जा रहा है. स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का काम जारी है. होटल रेडिशन ब्लू में सुरक्षा तैयारियों को लेकर गुरुवार को माक ड्रिल भी हुआ था. इसी होटल में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि रूकेंगे. इसे देखते एटीएस की टीम ने माक ड्रिल किया था.




