JharkhandRanchi

जलाशयों और जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त करायें: मुख्य सचिव

Ranchi: मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने आसन्न गर्मी को देखते हुए सभी नगर निकायों को पेयजल की संकट के समाधान के लिए टास्क फोर्स बनाने का निर्देश दिया है. वहीं, राज्य एवं स्थानीय स्तर पर कंट्रोल रूम बना कर टोल फ्री नंबर जारी करने को कहा है ताकि किसी जगह पानी की समस्या हो तो लोग इसके जरिये अपनी समस्या रख सकते हैं.

कंट्रोल रूम पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करायेगा. सीएस ने टैंकरों से जलापूर्ति अधिक से अधिक कराने को कहा है, नये टैंकरों की खरीद के लिए जल्द टेंडर की प्रक्रिया संपन्न कराने का भी निर्देश दिया है. विगत दिनों वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से भी ये बातें उन्होंने सभी निकायों को कही थी. सीएस ने इसके अलावा चापाकलों की मरम्मत युद्ध स्तर पर कराने को कहा है. इसके लिए नगर विकास राशि उपलब्ध करायेगा.

राज्यभर के जलाशयों, जल स्रोतो को अतिक्रमण मुक्त कराकर उन्हें विकसित करने का भी निर्देश उन्होंने दिया है. रांची नगर निगम को जलापूर्ति के लिए अतिरिक्त 20 टैंकर और खरीद की स्वीकृति भी दी गयी है. सीएस ने नगर विकास एवं पेयजल विभाग आपस में समन्वय कर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा है. इसके लिए लांग टर्म एवं शार्ट टर्म की पेयजलापूर्ति की योजनाएं बनाने का निर्देश नगर विकास विभाग केअधिकारियों को दिया है.

Related Articles

Back to top button