
Ranchi. कोरोना की दूसरी लहर बड़ी चुनौती लेकर आयी है. सरकार, जिला प्रशासन के साथ साथ सभी लोग इसका सामना लगातार कर रहे हैं. अब तो स्थिति ऐसी बन रही है कि अस्पतालों में कोरोना पेशेंट के लिये जगह नहीं मिल पा रही. मृत्यु के बाद सहजता से मोक्ष भी नहीं मिल पा रहा. हाईकोर्ट तक ने इसके लिये सरकार को फटकार लगायी है.
इधर, मारवाड़ी सहायक समिति ने कोरोना संकट के बीच अपने स्तर से सामाजिक दायित्वों के निर्वाहन की जिम्मेवारी उठायी है. मारवाड़ी भवन, हरमू (रांची) में जरूरतमंदों के लिये निःशुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर सर्विस शुरू की गयी है. लोग यहां से सातों दिन कभी भी सिलेंडर के लिये संपर्क कर सकते हैं. हालांकि यहां सिलेंडर उपलब्ध रहने पर ही सेवा मिलेगी. सांसद संजय सेठ ने ऐसे प्रयासों के लिये सराहना की है.
बनायी गयी है संचालन समिति
ऑक्सीजन सिलेंडर सेवा व्यवस्था के लिये एक सलाहकार समिति औऱ एक संचालन समिति का गठन किया गया है. सलाहकार समिति में सुरेश चंद्र अग्रवाल (#9311177421), प्रदीप राजगढ़िया (#9431105812), मनोज नरेडी (#9431114771) और पंकज पोद्दार (#9431105899) शामिल हैं. संचालन समिति में मनीष लोधा, सुरेश जैन के अलावे अंकुर डागा हैं.
मनोज नरेडी के मुताबिक ऑक्सीजन सिलेंडर सेवा पिछले साल ही कोरोना संकट शुरू होने पर ही प्रारंभ कर दी गयी थी. मारवाड़ी समाज के कुछ सदस्यों और दूसरों की मदद से इस सेवा को शुरू किया गया था. पर इस साल कोरोना की दूसरी लहर ने ऑक्सीजन की डिमांड जबर्दस्त तरीके से बढ़ा दी है. खासकर ऐसे लोग जो कोरोना संक्रमित हैं और उन्हें अस्पतालों में बेड नहीं मिल पा रहा है, उन्हें इसकी जरूरत ज्यादा महसूस हो रही. पिछले तीन-चार दिनों में चुनौती बढ़ी है.
जिनका ऑक्सीजन लेवल 90 से नीचे रहता है, उनके लिये ऑक्सीजन सिलेंडर की जबर्दस्त डिमांड है. फिलहाल 80 सिलेंडर अलग अलग जगहों पर लाभुकों के पास हैं. 20 अभी ऑनलाइन में है. 50 औऱ सिलेंडर का इंतजाम किया जा रहा है. कुल मिलाकर 150 सिलेंडर का इंतजाम अगले 2-3 महीने तक किये जाने की तैयारी है. फिलहाल बोकारो से ऑक्सीजन का इंतजाम किया जा रहा है जिसमें थोड़ी परेशानी आ रही है.
स्थिति ऐसी है कि जो होम कोरेंटाइन में हैं और जिन्हें इसकी जरूरत नहीं भी है, वे भी ऑक्सीजन की डिमांड करके अपने पास सिलेंडर रख ले रहे हैं.
कैसे मिलेगा ऑक्सीजन सिलेडर
जिन्हें इसकी जरूरत है, वे संचालन समिति से संपर्क करेंगे. सिलेंडर मारवाड़ी भवन में जाकर ही लेना होगा. सिक्यूरिटी मनी के तौर पर 5000 रुपया (या जो भी निर्धारित राशि हो) जमा करने होंगे. इस्तेमाल के बाद फिर मारवाड़ी भवन आकर सिलेंडर वापस करना होगा. सिलेंडर लगाने के लिये मेडिकल प्रैक्टिसनर की मदद लेने की सलाह लोगों को दी जाती है. सिलेंडर सेंटर पर एक कंपाउंडर (संजय, 9835191614) हैं जिससे लोग मदद ले सकते हैं.




