
NewDelhi : कपिलदेव की अगुवाई वाली क्रिकेस सलाहकार समिति (सीएसी) की बैठक शुक्रवार को हुई. बैठक में फैसला हुआ कि रवि शास्त्री का कार्यकाल 2021 तक रहेगा. बैठक के बाद कपिल देव ने इसकी घोषणा की. रवि शास्त्री इस समय टीम इंडिया के साथ वेस्टइंडीज में है . इस क्रम में कपिलदेव ने यह भी बताया कि रवि शास्त्री पर अंतिम फैसला लेते समय कप्तान विराट कोहली से मशविरा नहीं किया गया. जान लें कि कपिल की अगुवाई वाली सीएसी में अंशुमन गायकवाड और शांता रंगास्वामी शामिल हैं. चीफ कोच पद के लिए वर्तमान कोच रवि शास्त्री का दावा मजबूत माना जा रहा था.
बल्लेबाजी कोच के लिए विक्रम राठौर का दावा मजबूत
उनके अलावा इस पद की होड़ में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर और श्रीलंकाई कोच टॉम मूडी, न्यूजीलैंड और किंग्स इलेवन पंजाब के कोच माइक हेसन, भारत के 2007 की टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के क्रिकेट मैनेजर लालचंद राजपूत, मुंबई इंडियंस के पूर्व चीफ कोच रॉबिन सिंह और अफगानिस्तान के पूर्व कोच फिल सिमंस भी शामिल थे. खबरो के अनुसार चीफ कोच पद के लिए सबसे पहले रॉबिन सिंह सलाहकार समिति के सामने उपस्थित हुए. रॉबिन सिंह मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच रह चुके हैं. बल्लेबाजी कोच के लिए विक्रम राठौर का दावा सबसे मजबूत माना जा रहा है.
साथ ही गेंदबाजी कोच के लिए वर्तमान कोच भरत अरुण सबसे सशक्त उम्मीदवार है. जोंटी रोड्स की वजह से फील्डिंग कोच आर श्रीधर की राह मुश्किल मानी जा रही है. जानकारी के अनुसार टीम इंडिया के प्रशासनिक मैनेजर की भी नियुक्ति की जायेगी , क्योंकि वेस्टइंडीज दौरे पर भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार के चलते सुनील सुब्रमण्यम का हटना तय माना जा रहा है.




