
Ranchi : डोरंडा कोषागार से जुड़े चारा घोटाला मामले में राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की ओर से सीबीआई की विशेष अदालत में पक्ष रखा गया. अदालत में सुनवाई के दौरान फाइनेंस से जुड़े मामले पर पक्ष रखा गया. अब तक इस मामले में बचाव पक्ष की ओर से 69 आरोपियों के द्वारा बहस पूरी की जा चुकी है. डॉक्टर और राजनेताओं की ओर से बहस शुरू हुई है. मालूम हो कि डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी का यह मामला चारा घोटाला में राशि के लिहाज से सबसे बड़ा मामला है. इस मामले की वजह से लालू प्रसाद की फिर से मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
लालू प्रसाद यादव के अधिवक्ता अनंत विज ने बताया कि डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़े चारा घोटाले के सबसे बड़े आरसी 47ए/96 मामले में अब डॉक्टर की ओर से बहस के बाद, राजनेताओं की ओर से अदालत में दलील रखी जा रही है. डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी में अब तक 69 आरोपियों की ओर से दलीलें पूरी कर ली गयी है. मामले में आज लालू प्रसाद की ओर से दलीलें रखी गई.
बता दें कि चारा घोटाले के सबसे बड़े डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़े मामले में लालू प्रसाद, पूर्व सांसद जगदीश शर्मा, डॉ. आरके राणा, पीएसी के तत्कालीन अध्यक्ष ध्रुव भगत, डॉ. केएम प्रसाद, डॉ. गौरी शंकर प्रसाद समेत 108 आरोपी मुकदमा का सामना कर रहे हैं. सीबीआई ने प्रारंभ में 170 लोगों को आरोपी बनाया था. लालू समेत 147 आरोपियों के खिलाफ आरोप गठित किया गया था. सुनवाई के दौरान अब तक बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ जगन्नाथ मिश्र समेत 37 आरोपियों का निधन हो चुका है.




