National

17 लाख छात्रों  से पांच हजार करोड़ की धोखाधड़ी , ई-बिज कंपनी सील, प्रबंध निदेशक गिरफ्तार

NewDelhi : लगभग पांच हजार करोड़ की धोखाधड़ी  करने के मामले में ई-बिज कंपनी को सील कर दिया गया है. कंपनी व पदाधिकारियों के बैंक खाते को भी फ्रीज कर दिया गया है. खाते में करीब 389 करोड़ रुपये मिले हैं जानकारी के अनुसार देशभर के करीब 17 लाख छात्रों व बेरोजगार युवाओं से पांच हजार करोड़ रुपये से ज्यादा  की ठगी करने के आरोप में मल्टी लेवल कंपनी ई-बिज के प्रबंध निदेशक और उसके बेटे को  पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

जान लें कि कंपनी के प्रबंध निदेशक पवन मल्हन और उसके बेटे रितिक मल्हन को तेलंगाना पुलिस रिमांड पर लेकर रविवार को नोएडा पहुंची. तेलंगाना पुलिस के साइबर क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर जी गोपीनाथ के साथ थाना फेज- 3 की पुलिस भी थी.  दोनों आरोपियों को वे नोएडा के सेक्टर-63 स्थित उनके कार्यालय लेकर पहुंचे. वहां  तेलंगाना पुलिस ने जांच की और जरूरी दस्तावेज जमा किये, साथ ही ई-बिज डॉट कॉम कंपनी के परिसर को सील कर आरोपियों को वापस ले गयी.

नोएडा पुलिस ने महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लेकर कंपनी को सील कर दिया

खबरों के अनुसार नोएडा पुलिस ने महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर कंपनी को सील कर दिया है. कंपनी व पदाधिकारियों के बैंक खाते को भी फ्रीज कर दिया गया है. खाते में करीब 389 करोड़ रुपये मिले हैं. कंपनी के खिलाफ हैदराबाद के वारंगल व अदिलाबाद में दो मामले दर्ज हैं. इसके अलावा कई अन्य शहरों में भी रिपोर्ट दर्ज है. आरोप है कि कंपनी मल्टी लेवल मार्केटिंग स्कीम के जरिए युवाओं को दोगुना पैसा देने का लालच देकर फंसाती थी.

कंपनी सदस्य बनाने के एवज में 16 हजार रुपये लेती थी और उन्हें अन्य लोगों को सदस्य बनवाने पर चार फीसद कमीशन दिया जाता था. कंपनी का कारोबार हैदराबाद, बेंगलूरू, चेन्नई, उत्तर प्रदेश व दिल्ली समेत कई राज्यों में फैला हुआ है.कंपनी पर देशभर के करीब 17 लाख बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है. इस मामले में तेलंगाना की साइबर सेल में मामला दर्ज है. ई-बिज डॉट कॉम कंपनी का एमडी पवन मल्हान पंजाब का रहने वाला है.

पवन मल्हन कंपनी का एमडी है और उसकी पत्नी निदेशक है.  बेटा रितिक कंपनी का बाहरी काम देखता है.मालूम हो कि ई-बिज कंपनी को पवन मल्हन ने साल 2001 में शुरू की थी. कंपनी से उसके बेटे रितिक मल्हन समेत परिवार के कई सदस्य जुड़े हैं. हैदराबाद की साइबराबाद पुलिस ने मंगलवार को सेक्टर-63 स्थित ई-बिज कंपनी में छापेमारी कर पवन मल्हन और रितिक को गिरफ्तार किया था.

इसे भी पढ़ें –  फिट होते ही विंग कमांडर अभिनंदन ने भरी मिग-21 में उड़ान, वायुसेना प्रमुख रहे मौजूद

Related Articles

Back to top button