
Koderma: जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के सिमरातरी जंगल में अवैध ढिबरा लदा ट्रैक्टर व ड्राइवर को लाठी, डंडे के बल पर छुड़ाने को लेकर सतगावां थाने में वनरक्षी द्वारा मामला दर्ज कराया गया है.
वनरक्षी देव नारायण दास ने सतगावां थाने में आवेदन देकर कहा है कि बीती रात करीब 9 बजे गुप्त सूचना मिली कि अवैध ढिबरा लदा ट्रैक्टर सिमरातरी जंगल से जमटोटो की ओर से ले जाया जायेगा. सूचना पाकर अपने साथी वनरक्षी अनिल कुमार, अनिल कुमार साव व अनिल दास के साथ रास्ते में नदी के पास खड़े थे.
जैसे ही ट्रैक्टर वहां पहुंचा तो चालक व ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया. लेकिन यह देख बहादुर प्रसाद यादव भाग गया. लगभग100 मीटर की दूरी तय करते ही 15 से 20 की संख्या में लोग लाठी डंडे के साथ पहुंचे और धमकी देकर ट्रैक्टर व ड्राइवर को छुड़ा लिया. साथ ही ट्रैक्टर लेकर चलते बने.
इधर, इस मामले को लेकर सतगावां थाने में मामला दर्ज कर घटना में शामिल लोगों व ट्रैक्टर की धर पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है.




