JharkhandPalamu

लिंगानुपात में पिछड़ा पलामू, 1000 पर 929 लड़कियां

  • जागरूकता के लिए बेटियों को किया गया सम्मानित

Palamu: झारखंड का पलामू जिला लिंगानुपात में पिछड़ रहा है. यहां 1000 पर 929 लड़कियां हैं. आंकड़े को बढ़ाने और लड़कियों के प्रति समाज में फैली नाकारात्मक छवि को दूर करने के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. इसी कड़ी में आज बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत बालिका सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. मौके पर पलामू के उपायुक्त शशिरंजन ने कहा कि बेटियों को अब मात्र एक रूपए में सेनेटरी पेड उपलब्ध कराए जाने की योजना है. शीघ्र जिले के चैनपुर एवं हुसैनाबाद प्रखंड में इसका उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा. इसका उत्पादन स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी.  इससे पहले उपायुक्त, सहायक दंडाधिकारी-सह-सहायक समाहर्ता दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता सुजीत कुमार सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया.

उपायुक्त ने कहा कि आज भी लोग बेटे एवं बेटियों में भेद करते हैं, जो उचित नहीं है. बेटियां देश के सर्वोच्च पदों को सुशोभित कर रही है. किसी भी प्रतियोगिता परीक्षा में महिलाएं बराबर सफलता प्राप्त कर रही हैं. उन्होंने कहा कि हम भूल जाते हैं कि वह हमारी जनक है. सबकी सहभागिता से ही लिंगानुपता को बढ़ाया जा सकता है.

उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में राज्य का लिंगानुपात 1000 पुरुष में 949 महिलाएं हैं. वही पलामू जिले का लिंगानुपात राज्य के लिंगानुपात से काफी कम है. वर्तमान में पलामू जिले में एक हजार पुरुष में सिर्फ 929 महिलाएं हैं. उन्होंने कहा कि पलामू में लिंगानुपात में सुधार लाना है. बालिकाओं के प्रति लैंगिक समानता लाने की दिशा में सभी को मिलकर प्रयास करना है. शहरी क्षेत्र में लिंगानुपात का घटना एक चिंता का विषय है जिसे हम सबको चुनौती के रूप में लेना होगा. उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी महिलाओं से अपील की है कि वह अपने स्तर से गांव स्तर पर कार्यक्रम कर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के विषय में लोगों को जागरूक करें.

कार्यक्रम में प्रशिक्षु आई.ए.एस. दिलीप शेखावत ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. आज संपन्न कार्यक्रम में जिले का नाम रौशन करने वाली बेटियों को सम्मानित किया गया.

मौके पर बॉलीवुड की मशहूर गायिका मेघा डालटनगंज ने ‘मैं बेटी हूं पर बोझ नहीं’ थीम सांग पलामू के लिए उपायुक्त को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि इसे पलामू के लिए तैयार किया गया है. कार्यक्रम में महावारी से संबंधित वीडियो चलाया गया तथा समारोह में मौजूद किशोरियों को जागरूक करने का प्रयास किया गया.

इन्हें किया गया सम्मानित

जिले की मैट्रिक तथा इंटरमीडिएट में टॉप करने वाली 10-10 बालिकाओं को जिला प्रशासन के द्वारा 5- 5 हजार रुपए का चेक देकर सम्मानित किया गया. इसके अलावा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अंतर्गत 12 अक्टूबर 2020 को आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम डाल्टनगंज की रेशमी कुमारी, द्वितीय आरती कुमारी, तृतीय जैनाब तथा चतुर्थ सुप्रिया कुमारी को प्रशस्ति पत्र के साथ अवार्ड देकर सम्मानित किया गया.

मौके पर अपर समाहर्ता सुरजीत कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर, जेएसएलपीएस के डीपीएम विमलेश शुक्ला, एडीएफ चितवन तथा अक्षय, तेजस्विनी योजना के जिला कॉर्डिनेटर गनौरी विश्वकर्मा, पोषण अभियान जिला समन्वयक जीशान अहमद, जिला समाज कल्याण कार्यालय से कामदेव पासवान, प्रीतम कुमार, मीडिया के प्रतिनिधि सहित भारी संख्या में किशोरियां मौजूद थीं.

Related Articles

Back to top button