ChatraJharkhand

बेटी की डोली उठने से पहले ही उठ गयी पिता की अर्थी

Chatra : जहां बेटी की शादी की शहनाई की धुन बजने की तैयारी हो रही थी, वहां से बाप की अर्थी उठ गयी. खुशी का माहौल पल भर में गमगीन हो गया. परिजनों के चीत्कार व क्रंदन से माहौल ग़मगीन हो गया. इस ह्दयविदारक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

दुर्भाग्य तो उस बेटी का भी है, जिसे विदा लेते समय जिस पिता के आशीर्वाद की उम्मीद थी, उससे भी वह वंचित रह गयी. यह हृदय विदारक घटना चतरा के पुरानी कचहरी निवासी जोधी राम के साथ घटी. जो मंगलवार को सगे संबंधियों के साथ टेंपो में सवार होकर बेटी की शादी करने के लिए भद्रकाली मंदिर आ रहे थे. इटखोरी-चतरा मुख्य मार्ग पर स्थित इटखोरी थाना क्षेत्र के थानेली तेतर के पास एक पिक‌अप वाहन ने चकमा दे दिया, जिससे अनियंत्रित होकर टेंपो सड़क किनारे गढ्ढे में जा गिरा.

हादसे में लड़की के पिता जोधी राम और राजपुर थाना क्षेत्र के पंडाखाभ निवासी नानी कुंती देवी की मौत मौके पर हो गयी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं टेंपो में सवार छ: लोग घायल हो गये. जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां चिकित्सकों के द्वारा सभी का इलाज किया गया.

उनमें से एक की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया. मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची अस्पताल में कोहराम मच गया. चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. मां और बेटी की रुलाई देख सभी की आंखें नम हो रही रही थीं. मां रोते हुए कहती रही अब हमारी बेटी की शादी कौन करेगा. बच्चे अब किसे पापा कह कर बुलायेंगे. बेटी के चीत्कार से सभी की आंखों से आंसू बहते रहे.

Related Articles

Back to top button