
Palamu: पलामू जिले में फकीर के वेष में इन दिनों लुटेरे घूम रहे हैं. महिलाओं को देखकर पहले काला जादू दिखाते हैं और फिर मौका मिलते ही लाखों रुपये उड़ा ले जाते हैं. जिले में अबतक तीन महिलाएं फकीरों का शिकार हो चुकी हैं. उनके लाखों रुपये गायब हो जाने की सूचना मिली हैं. कई अन्य महिलाओं को फकीरों द्वारा झांसे में लिए जाने की सूचना मिली है, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पायी है.
भोली-भाली महिलाओं को लेते हैं झांसे में
जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में फकीर के वेश में लुटेरे घूम रहे हैं. ऐसे लोग घर की भोलीभाली महिलाओं को पहले तिलिस्म दिखाते हैं. जब महिलाएं विश्वास में आ जाती हैं, तब उन्हें शिकार बनाया जाता है. ऐसी ही एक घटना हैदरनगर थाना के बिलासपुर गांव में घटी. दो लोग फकीर के वेष में गांव में पहुंचे. उन्होंने बारी-बारी तीन महिलाओं को लूट का शिकार बनाया. फकीरों ने महिलाओं को लाखों रुपये का चूना लगा दिया.
तिलिस्म दिखाकर उड़ा ले गए पैसे
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित के पति अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह फकीर के वेष में दो लोग उनके घर आये. उन्होंने एक से बढ़कर एक तिलिस्म दिखाया. मिट्टी से सिंदूर बनाया और मुंह से शिवलिंग निकाला. पानी पीकर दूध की कुल्ली की. इसे देखकर महिलाएं उनके झांसे में आ गयी. फकीरों ने इधर-उधर की बातें की. उसके बाद कहा कि जितना पैसा है अपने पर्स में डालकर लायें. वह मंत्र पढ़कर पर्स लौटा देंगे. शनिवार की सुबह पर्स खोलकर देखना, पर्स से नोटों की बारिश होगी.
पर्स खोला गया तो सारे पैसे गायब मिले
फकीरों के झांसे में आकर महिलाओं ने उनके कहने के अनुसार ऐसा ही किया. फकीरों ने बाद में पर्स वापस करते हुए कहा कि इसे सुरक्षित स्थान पर रख दें. बीच में उसे देखना भी नहीं है. शनिवार को सुबह 10 बजे खोलकर देंखेगी, उससे नोटों की बारिश होगी. फकीरों के कहने के अनुसार महिलाओं ने वैसा ही किया.
फकीरों की तलाश में जुटे ग्रामीण
जब उन्होंने सुबह अपना अपना पर्स देखा तो पता लगा कि उसमें रखे गये सारे रुपए गायब हैं. अब उन महिलाओं के पति उन लुटेरे फकीरों को विभिन्न गावों में तलाश करने में जुटे हैं. मगर उनका कही अता पता नहीं है. उन्होंने जो पता बताया था, वो भी फर्जी निकला. इस घटना में बिलासपुर गांव के संतोष सिंह, अक्षय सिंह व पवन राम के घर फकीरों ने महिलाओं को लाखों रुपये का चुना लगा दिया है.
इसे भी पढेंः चौकीदार’ बना चुनावी जुमलाः मोदी ने की भाजपा के ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान की शुरूआत




