
Bettiah: जिले में गुरुवार को दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों ने एक दंपती से ढाई लाख रुपये लूट लिए हैं. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. घटना शहर के बीचोबीच स्थित मोहर्रम चौक की है. जहां के आईसीआईसीआई बैंक के बाहर बैंक से पैसा निकालकर डिक्की में रखने के दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने दंपत्ति से रुपयों से भरा थैला छीन लिया और फरार हो गए. हालांकि राहत की बात यह है कि झपट्टा मारने के दौरान झोला उल्टा हो गया. जिसके कारण उसमें रखा लगभग साढ़े पांच लाख रुपया नीचे गिर गया और ढाई लाख रुपया लेकर बदमाश फरार हो गए. बदमाशो की नजर पूरे 8 लाख रुपये पर थी. जिसे दंपती ने बैंक से निकालकर झोले में रखा था.
इसे भी पढ़ें: दरभंगा में हावड़ा-रक्सौल एक्प्रेस पर पथराव, एक घायल
गौरतलब है कि श्रीनगर पूजहा थाना क्षेत्र के पटजिरवा शेख टोली निवासी शबीना अहमद और उनके पति इम्तियाज द्वारा बैंक से 8 लाख रुपये की निकासी की गई थी. बैंक से निकल कर जैसे ही दंपती डिक्की में पैसा रखने का प्रयास कर रहे थे. इसी बीच पल्सर पर सवार दो बदमाश रुपया छीनकर महिला थाना की तरफ भाग गए. घटना की सूचना पर पहुंची नगर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.




