
Ranchi: आम लोगों को न्यायिक अधिकारों से जागरूक करवाने व उन्हें सहायता प्रदान करने के उद्देश्य के साथ शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट के व्हाइट हॉल परिसर में राज्यस्तरीय विधिक सेवा और कला प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया.
इसे भी पढ़ें : सांप काटने के 28 घंटे बाद युवक की हुई मौत, वाइपर को अजगर समझ गया था पकड़ने
प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष व हाईकोर्ट के जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने किया. प्रदर्शनी 14 नवंबर तक चलेगी. इस दौरान उन्होंने कहा कि आज भी कई गरीब लोग ऐसे हैं, जो न्यायिक प्रक्रिया से अनजान हैं. अपने कानूनी अधिकारों के बारे में नहीं जानते हैं. इसके कारण कई लोग उनका शोषण करते हैं. ऐसे लोगों को शोषण मुक्त करने और उनको न्यायिक अधिकारों से रू- ब – रू करवाने के लिए इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है. ऐसे में हर आम आदमी आएं, अपने कानूनी अधिकारों को जानें और खुद पर होने वाले शोषण के खिलाफ आवाज उठाएं. इस क्षेत्र में नालसा की ओर बेहतर कार्य किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड पंचायत चुनाव : मुखिया प्रत्याशी 40 हजार और जिप प्रत्याशी एक लाख ही कर पाएंगे खर्च
बता दें कि इस प्रदर्शनी में झालसा की ओर से किए गए कार्यों, बिरसा मुंडा जेल के उत्पाद, यूनिसेफ,चाइल्ड लाइन और कुछ एनजीओ की ओर से किए गए कार्यों की झलकियां प्रदर्शनी में देखने को मिल रही है, जिससे लोगों को उनके अधिकार और वर्तमान कानून की जानकारी मिल रही है. मौके पर स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन राजेंद्र कृष्णा, एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋतु कुमार, कोषाध्यक्ष धीरज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें : जुगसलाई में अवैध बुचड़खाना के संचालन का पर्दाफाश, प्रतिबंधित मांस समेत कई सामान बरामद




