
Ranchi : राजधानी के बड़ा तालाब के ब्यूटीफिकेशन का काम शुरू किया गया. इसके लिए करोड़ों रुपये भी खर्च कर दिये गये. वहीं स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा भी स्थापित की गयी. इतना ही नहीं इस जगह को टूरिस्ट प्लेस के रूप में विकसित करने की भी योजना थी. लेकिन इतना खर्च करने के बाद भी आज स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पाया. वहीं तालाब का पानी एकबार फिर से हरा हो गया है. जिससे दुर्गंध आने लगी है. इससे समझा जा सकता है कि कैसे तालाब के ब्यूटीफिकेशन के नाम पर नगर विकास से लेकर नगर निगम ने आईवॉश करने का काम किया.
इसे भी पढ़ें:ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वे करने पहुंची टीम, वीडियोग्राफी के खिलाफ सड़क पर हंगामा
अक्टूबर 2021 में 8 करोड़ का आवंटन
9 महीने पहले कोरोना काल के बाद रुके हुए कार्यों को रफ्तार देने का आदेश दिया गया. इस दौरान नगर विकास विभाग ने बड़ा तालाब के लिए 8.02 करोड़ से तालाब की सफाई और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का निर्देश दिया. साथ ही कहा गया कि इससे तालाब में अब आसपास के नालों से आने वाले पानी को ट्रीटमेंट कर तालाब में छोड़ा जायेगा. लेकिन ट्रीटमेंट प्लांट भी आजतक नहीं बन पाया है. ऐसे में तालाब में पूरे अपर बाजार का गंदा पानी पहुंच रहा है. जिससे स्थिति फिर से खराब हो जायेगी.

9 करोड़ से अधिक किये जा चुके हैं खर्च
बड़ा तालाब को साफ सुथरा बना कर विकसित करने के लिए पूर्व में राज्य सरकार ने 12 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी थी. इसमें से नौ करोड़ रुपये से अधिक का काम पहले ही हो चुका है. इस दौरान बड़ा तालाब के चारों तरफ लोगों के घूमने के लिए पाथवे भी बनाया जाना था लेकिन पाथवे का काम अधूरा है. वहीं जो पाथ वे बनाया गया है, उसमें भी फिनिशिंग नहीं दी गयी है. वहीं काम के नाम पर बस एक जगह विसर्जन कुंड ही बना कर निगम ने अपनी ड्यूटी पूरी कर दी है.
इसे भी पढ़ें:यूं ही नहीं चल रही है ईडी की मैराथन छापेमारी, नोटों की खान वाली मैडम को जान लीजिये
हाइकोर्ट भी लगा चुका है फटकार
बड़ा तालाब की स्थिति को लेकर हाइकोर्ट ने नगर निगम को फटकार लगायी थी. साथ ही साफ-सफाई को लेकर नगर निगम को सख्त आदेश दिया था कि किसी भी तरह से तालाब में कचरा ना जाने पाये. तालाब में कचरा जाने का जो भी स्रोत है उसे रोका जाये. कोर्ट ने निगम से पूछा था कि नाले का जो पानी तालाब में जाता है, उसे रोकने के लिए क्या उपाय किये गये हैं? क्या उसे दूसरी तरफ डायवर्ट किया जा सकता है या नहीं?
इस मामले में नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि नगर निगम का काम चल रहा है. समय-समय पर सफाई का कार्य भी जारी है. पहले तालाब दिखाई नहीं पड़ता था. अब तालाब काफी साफ है. अभी जो काम वहां पर चल रहा है उसकी वजह से कुछ परेशानियां हैं. इसके लिए भी टीम लगा दी गयी है.




