
Palamu : सुरक्षा का हवाला देकर पलामू जिले के नक्सल प्रभावित (एलडब्लूइ इफेक्टिव) रामगढ़ और उंटारी रोड में बैंक शाखा नहीं खोले जाने पर उपायुक्त डॉ. शांतनु कुमार अग्रहरि ने कड़ी नाराजगी जतायी. उपायुक्त द्वारा गुरुवार को प्रखंड उंटारी रोड एवं रामगढ़ में नया बैंक शाखा खोलने हेतु तैयारियों की जानकारी ली. बैठक में जिला प्रशासन को बिना सूचना दिये बैंक के पदाधिकारी द्वारा अपने उच्च पदाधिकारियों को सुरक्षा का हवाला देकर बैंक शाखा खोलने में विलंब करने पर उपायुक्त ने आपति जतायी और 20 दिनों के भीतर दोनों जगहों पर बैंक शाखा शुरू कराने का निर्देश दिया.
बैंक शाखा खोलने में कोताही बर्दाश्त नहीं
उपायुक्त ने कहा कि अगर सुरक्षा की बात है, तो इसके लिए जिले के पुलिस अधीक्षक और उपायुक्त से संपर्क करें. हर स्तर पर सुरक्षा दी जायेगी. सीमावर्ती जिलों से भी मदद ली जायेगी. सुरक्षा में पूरा सहयोग किया जायेगा. शाखा खोलने में किसी तरह का विलंब अब बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने कहा कि दोनों इलाके सुदूरवर्ती और नक्सल प्रभावित हैं. वहां के लोगों को बैंकिंग कार्य में भारी परेशानी होती है.
उंटारी रोड बैंक शाखा के लिए 10 दिनों में पूरे किये जाये शेष कार्य
एसबीआइ के क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा बताया गया कि उंटारी रोड बैंक शाखा में नेट कनेक्टिविटी का टॉवर लग चुका है. कैश का आवागमन भारतीय स्टेट बैंक की गढ़वा शाखा से होगा. इस कार्य में सुरक्षा प्रदान करने की आवश्यकता है. सुरक्षा मिल जाती है तो जल्द शाखा की शुरूआत की जा सकती है. क्षेत्रीय प्रबंधक को उंटारी रोड शाखा खोलने का कार्य शुरू करने और 10 दिन में ऑनलाइन व अन्य शेष कार्य को पूरा कराने का निर्देश दिया गया.
नेट कनेक्टिविटी के लिए 20 दिनों में लगायें टॉवर
उपायुक्त ने रामगढ़ बैंक शाखा के लिए बीएसएनएल से संपर्क कर 20 दिनों में वहां टॉवर लगाने का निर्देश दिया. नेट कनेक्टिविटी सहित अन्य कार्य 20 दिनों पूरा कर लेने और उप विकास आयुक्त और ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया. प्रखंड भवन में बैंक शाखा खोलने के लिए उपयुक्त जगह आवंटित करें. इसे 15 दिनों के अंदर पूरा कराना सुनिश्चित किया जाये.
बैठक में कौन-कौन थे उपस्थित
पुलिस उपाधीक्षक (प्रथम) द्वारा बताया गया कि डालटनगंज, चैनपुर, रामगढ़, गढ़वा और उंटारी रोड थाना के प्रभारी ताल-मेल एवं समन्वय स्थापित कर सुरक्षा प्रदान की जायेगी. कैश लाने-ले जाने के पूर्व सूचित करना आवश्यक होगा. बैठक में उपायुक्त के अलावा उप विकास आयुक्त बिंदू माधव प्रसाद सिंह, पुलिस उपाधीक्षक और एसबीआइ के क्षेत्रीय प्रबंधक उपस्थित थे.




