
Ranchi: एचईसी परिसर स्थित सेक्टर 2 के वार्ड संख्या 41 अंतर्गत आवासीय ब्लॉक (बी 613-18) में रहने वाले कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक पानी टंकी से अवैध कनेक्शन लेने को रांची नगर निगम ने गंभीरता से लिया है.
मंगलवार को पूर्वाह्न “न्यूज विंग” में इससे संबंधित खबर प्रसारित होने के बाद रांची नगर निगम प्रबंधन की ओर से अवैध कनेक्शन की जांच करने के लिए एक टीम उक्त स्थल पर गई. नगर निगम कर्मियों ने सार्वजनिक टंकी से अवैध कनेक्शन लेने को अनुचित ठहराते हुए तत्काल कनेक्शन हटाने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें :नाम माड्यूलर टॉयलेट, फैसिलिटी जेनरल वाली भी नहीं
टीम में शामिल अधिकारियों ने टंकी से अवैध कनेक्शन लेने वालों को चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के अंदर सार्वजनिक पानी टंकी से अवैध कनेक्शन नहीं हटाया गया, तो निगम की टीम द्वारा अवैध कनेक्शन हटाया जाएगा. साथ ही संबंधित व्यक्ति पर जुर्माना लगाया जाएगा.
गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा आम नागरिकों के लिए पेयजल की समस्या दूर करने के उद्देश्य से उक्त स्थल पर सार्वजनिक पानी टंकी (मिनी एचवाईडीटी) लगाई गई है. स्थानीय नागरिकों ने वार्ड पार्षद उर्मिला यादव से इस संबंध में शिकायत की थी.
शिकायत में कहा गया था कि उक्त आवासों में रहने वाले लोगों द्वारा अपने घरों में अवैध कनेक्शन ले लिया गया है और टंकी को खाली कर दिया जाता है. इससे आम जनों को पानी नहीं मिल पाता है.
इसे भी पढ़ें :केंद्र सरकार ने 45 साल और इससे अधिक उम्र के सभी कर्मियों को कोरोना टीका लगाने को कहा




