
Ranchi: मैं हमेशा विकास की बात करता हूँ. अब जब मुझे झारखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है तो मेरा प्रयास होगा कि सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर विकास की दिशा में काम करूं. मैं छत्तीसगढ़ का रहने वाला हूं, झारखंड हमारा पड़ोसी राज्य है, जिसके जनजीवन और संस्कृति से भलीभांति अवगत हूं. जब तीन राज्य बने थे, उनमें छत्तीसगढ़ विकास में सबसे आगे हैं. अब झारखंड को भी विकास के रास्ते पर तेजी से बढ़ाना है. झारखंड में आदिवासियों की समस्याएं है, इन सारी बातों ध्यान में रखकर काम होगा. झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल रमेश बैस न्यूज विंग से मोबाइल से खास बातचीत कर रहे थे. वे आज ही रांची पहुंचने वाले हैं.
जब तक झारखंड में रहूंगा झारखंड की बेहतरी के लिए काम करुंगा
उन्होंने कहा कि ये कोशिश रहेगी कि केंद्र सरकार की योजनाएं झारखंड को ज्यादा से ज्यादा मिले. हमलोगों ने छत्तीसगढ़ में कर दिखाया है.मुझे विश्वास है कि जब तक मैं झारखंड में रहूंगा राज्य की बेहतरी के लिए काम करूंगा.
इसे भी पढ़ें :IED Blast: जवान व खोजी कुत्ता घायल, एयरलिफ्ट कर घायल जवान को लाया जा रहा है रांची
जितना मिलना था मिल गया
एक सवाल के जवाब में राज्यपाल श्री बैस ने कहा कि मैं कभी राजनीति में अपेक्षा कर के नहीं आया. हमने जनसंघ से राजनीति शुरू की तो सेवा भावना लेकर चले.मैं सात बार सांसद रहा,केंद्र में भी मंत्री रहें, गवर्नर भी हुए, जितना मिलना था मिल गया.
त्रिपुरा जैसा प्रयास अब झारखंड में भी होगा
राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा राज्यपालों की बैठक में हमने कई प्रस्ताव दिए थे. जिसपर कई काम भी हुए, अब झारखंड में भी त्रिपुरा जैसा प्रयास किया जाएगा.
रमेश बैस कभी चुनाव नहीं हारे
रमेश बैस कभी चुनाव नहीं हारे. लगातार चुनाव जीतने के बाद भी 2019 में उन्हें टिकट नहीं दिया गया. इसके बाद माना जा रहा था कि उन्हें साइडलाइन कर दिया गया है. लेकिन चुनाव के बाद उन्हें त्रिपुरा का राज्यपाल बनाया गया. रमेश बैस लाल कृष्ण आडवाणी के काफी करीबी माने जाते हैं. वे केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के भी काफी करीबी थे. सुषमा स्वराज से उनके पारिवार संबंध रहे. सुषमा स्वराज रमेश बैस को अपना भाई मानतीं थीं.
वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे बैस
2अगस्त 1947 को जन्मे रमेश बैच वाजपेयी सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में भी काम कर चुके हैं. जबकि जुलाई 2019 में उन्हें त्रिपुरा का राज्यपाल बनाया गया था. इस तरह से निगम से लेकर केंद्र सरकार में कई दायित्वों को संभाल चुके रमेश बैस को संसदीय कार्यों का लंबा अनुभव है.
इसे भी पढ़ें :Corona Update national: 24 घंटे में 30827 नए संक्रमित मिले, 546 की मौत
झारखंड के अब तक के राज्यपाल
प्रभात कुमार – 15 नवंबर 2000-3 फरवरी 2002
विनोदचंद्र पांडे – 4 फरवरी 2002-14 जुलाई 2002
एम रमा जोइस – 15 जुलाई 2002-11 जून 2003
वेद मारवाह -12 जून 2003-9 दिसंबर 2004
सैय्यद सिब्ते रजी – 10 दिसंबर 2004-25 जुलाई 2009
के शंकर नारायणन -26 जुलाई 2009-21 जनवरी 2010
एम ओ हरान फारुक मारिकार – 22 जनवरी 2010-3 सितंबर 2011
सईद अहमद – 4 सितंबर 2011-18 मई 2015
द्रौपदी मुर्मू – 18 मई 2015-6 जुलाई 2021
रमेश बैस – वर्तमान
इसे भी पढ़ें : तेजस्वी ने सीएम नीतीश पर साधा निशाना,कहा- जनता दरबार के नाम पर कर रहे हैं छलावा और पैसों की बर्बादी




