JharkhandLead NewsNEWSRanchi

18 माह बाद खुले शिक्षण संस्थान 45 दिन में हुए बंद, प्रमोशन के भरोसे पढाई

Ranchi : राज्य के स्कूल-कॉलेज सहित अन्य शैक्षणिक संस्थान एक बार फिर बंद हो चुके हैं. कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है. सरकार ने अगले आदेश तक के लिए शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने को कहा है. ऐसे में स्कूल से लेकर यूनिवर्सिटी स्तर तक की पढाई ऑनलाइन क्लासेस और प्रमोशन के भरोसे रह गयी है. राज्य में 18 महीने बाद स्कूल खुले और महज 45 दिनों में ही बंद हो गये.

 

मैट्रिक-इंटर परीक्षा पर भी संकट

स्कूल-कॉलेजों के बंद होने के साथ ही परीक्षा लेने पर भी रोक लगायी गयी है. इस वजह से झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से होने जा रही मैट्रिक-इंटर परीक्षा पर भी संकट दिख रहा है. जैक ने साल में दो बार बोर्ड परीक्षा लेने की बात कही थी. इसके पहले चरण की परीक्षा दिसंबर में ही लिया जाना था. तब जैक में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का पद रिक्त होने की वजह से परीक्षा नहीं हो पायी. जब अध्यक्ष-उपाध्यक्ष मिले तब परीक्षा लेने पर पाबंदी की वजह से उम्मीद कम लग रही है.

 

यूनिवर्सिटी में भी सेशन लेट

राज्य के विश्वविद्यालयों में भी पीजी-यूजी के सेशन में देर होने की संभावना दिख रही है. रांची यूनिवर्सिटी की बात करें तो अग्रेजी विभाग सहित अन्य विभागों ने मिड सेमेस्टर परीक्षा के आधार पर स्टूडेंट्स को अगले सेमेस्टर में प्रमोट किया है. यूनिवर्सिटी की ओर से सेमेस्टर की परीक्षाएं लेने की बात कही गयी थी. तैयारी भी चल रही है. अब एक बार फिर प्रमोशन के तरीके को अपनाने की बात चल रही है. कोविड सेल की बैठक के बाद रांची यूनिवर्सिटी में क्लास संचालन और परीक्षा से संबंधित निर्णय लिए जायेंगे.

Related Articles

Back to top button