
- सामाजिक कार्यकर्ता, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और धर्मगुरु होंगे शामिल
Ranchi : राष्ट्रीय सरना युवा संघ की ओर से 10 मार्च को सरना धर्म संसद का आयोजन किया जायेगा. इस संबंध में संघ की ओर से शुक्रवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. वार्ता को संबोधित करते हुए संघ राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज कुमार खलखो ने कहा कि सरना धर्म संसद में भारी संख्या में सरना धर्मावलंबी शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि न सिर्फ झारखंड, बल्कि अन्य राज्यों से युवा इस संसद का हिस्सा होंगे. इसके साथ नेपाल समेत अन्य पड़ोसी देशों से भी युवा शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि संसद की सारी तैयारी कर ली गयी है. संसद का आयोजन मांडर स्थित मुड़मा जतरा मैदान में किया जायेगा. इसमें मुख्य रूप से देश के विभिन्न हिस्सों और पड़ोसी देशों में आदिवासियों की स्थिति और समस्याओं पर चर्चा की जायेगी. प्रेस वार्ता के दौरान संसद का पोस्टर रिलीज किया गया.
ये प्रस्ताव लाये जायेंगे
सरना धर्म संसद में मुख्य रूप से सरना धर्म कोड, पांचवीं अनुसूची, आदिवासियों के संवैधानिक अधिकार, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का सीमांकन, गैर आदिवासी से विवाह करनेवाली महिलाओं व उत्पन्न बच्चे को आदिवासियों को दी जानेवाली सुविधाओं पर रोक, आदिवासियों के शैक्षणिक संस्थानों को अनुदान, आदिवासी युवकों को रोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने, आदिवासियों की सुरक्षा के कानून को मूल रूप में लागू करने समेत अन्य मुद्दों का प्रस्ताव लाया जायेगा.
ये होंगे शामिल
संसद में कई आदिवासी नेता और धर्मगुरु शामिल होंगे. इनमें मुख्य रूप से सरना धर्मगुरु बंधन तिग्गा, दिशोम गुरु शिबू सोरेन, बाबूलाल मरांडी, लक्ष्मण गिलुवा, डॉ अजय कुमार, चंद्र प्रकाश चौधरी शामिल होंगे. इनके साथ ही झारखंड सहित ओड़िशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, बिहार, मध्यप्रदेश, असम व नेपाल से सरना समाज के धर्मगुरु के साथ-साथ आदिवासी संगठन के हजारों लोग शामिल होंगे. सूरज ने बताया कि अन्य राजनीतिक दलों को भी निमंत्रित किया जायेगा.
ये थे उपस्थित
प्रेस वार्ता में प्रभात तिर्की, सुनील कच्छप, राहुल टोप्पो, मंगल उरांव, मनोज तिग्गा, सोमनाथ उरांव, राजेश तिग्गा, विदेश कच्छप, बनवारी उरांव, विजय उरांव, रवि केरकेट्टा, अमित खलखो, सचिन मिंज समेत अन्य उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें- सरकार के दस कथित घोटालों के साथ एआईपीएफ ने जारी किया पीपुल्स चार्टर
इसे भी पढ़ें- NEWS WING IMPACT : जायसवाल ब्रदर्स को खाली करना होगा अवैध रूप से बना बाइक शो-रूम, सीसीएल ने निकाला…




