Business

घरेलू शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन गिरावट जारी, रुपया 28 पैसे गिरा

Mumbai: एशियाई बाजारों की नरमी और व्यापार युद्ध की आशंकाएं फिर जोर पकड़ने से गुरुवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन गिरावट जारी रही.

शुरुआती कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 151.70 अंक यानी 0.40 प्रतिशत गिरकर 38,153.71 अंक पर चल रहा था.

इसे भी पढ़ें- #Article370 रद्द किये जाने का लंबे समय से किया जा रहा था इंतजार: जयशंकर

निफ्टी में 0.46 प्रतिशत की गिरावट

इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 51.95 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 11,307.95 अंक पर चल रहा था. मंगलवार को सेंसेक्स में 361.92 अंक और निफ्टी में 114.55 अंक की गिरावट रही थी. गौरतलब है कि बुधवार को गांधी जयंती के उपलक्ष्य में शेयर बाजार बंद रहे थे.

सेंसेक्स की कंपनियों में वेदांता, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, सन फार्मा और एलएंडटी गिरावट में रहीं. विशेषज्ञों ने कहा कि विश्व व्यापार संगठन ने अमेरिका को यूरोपीय संघ पर शुल्क लगाने की मंजूरी दे दी है.

इसे भी पढ़ें- रेल मंत्री पीयूष गोयल के घर चोरी करनेवाला नौकर गिरफ्तार, दस्तावेज लीक करने की भी आशंका

रोजगार के कमजोर आंकड़ों के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित

इससे व्यापार युद्ध का तनाव फिर से गहरा जाने की आशंका है. इसके अलावा अमेरिका में रोजगार के कमजोर आंकड़ों के कारण भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई.

इस बीच ब्रेंट क्रूड का वायदा 0.03 प्रतिशत की तेजी के साथ 57.71 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था. शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआइ) ने 1,298.56 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की.

रुपया 28 पैसे गिरा

कच्चा तेल की बढ़ती कीमतें तथा विदेशी निवेशकों की जारी निकासी के कारण गुरुवार को रुपये ने कारोबार की सजग शुरुआत की. यह शुरुआती कारोबार में 28 पैसे गिरकर 71.35 रुपये प्रति डॉलर पर चल रहा था.

कारोबारियों ने कहा कि घरेलू बाजारों की गिरावट में शुरुआत और विदेशी बाजारों में अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मांग आने से भी रुपये पर दबाव रहा. मंगलवार को रुपया 71.07 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था.

Related Articles

Back to top button